kk पाठक विवादः मोबाइल में वीडियो दिखाकर फंस गए पूर्व शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर ! विस में शिक्षा मंत्री ने पढ़ाया नियम का पाठ

kk पाठक विवादः मोबाइल में वीडियो दिखाकर फंस गए पूर्व शिक्षा

PATNA: बिहार विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान आज एक बार फिर से केके पाठक पर विवाद गहरा गया. यहां भी केके पाठक का तथाकथित वीडियो का मामला उठा. पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो. चंद्रशेखऱ उक्त वीडियो को मोबाइल के माध्यम से दिखाने लगे. साथ ही राजद-कांग्रेस के कई विधायक खड़े होकर अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे. इसके बाद शिक्षा मंत्री विजय चौधरी ने इस पर गहरी नाराजगी जताई और पूर्व शिक्षा मंत्री को नियम का पाठ पढ़ाया. 

सरकार की तरफ से उत्तर देते हुए शिक्षा मंत्री विजय चौधरी ने पूर्व शिक्षा मंत्री को नियम-कानून का पाठ पढ़ाया. उन्होंने कहा कि डॉ चंद्रशेखर से अनुरोध करना चाहते हैं, आप शिक्षा मंत्री रहे हैं. मोबाइल का वीडियो बिना अध्यक्ष की इजाजत के नहीं दिखाया जाता है. वह भी प्रेस गैलरी की तरफ देखकर आप दिखा रहे हैं. आप जो वीडियो दिखा रहे हैं, जिसमें एक अधिकारी द्वारा कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्द प्रयोग करने का आरोप है. हम स्पष्ट कर देना चाहते हैं कि कोई भी अधिकारी आम आदमी के खिलाफ भी अपशब्द का प्रयोग नहीं कर सकता. शिक्षक और विधायकों की बात ही छोड़ दीजिए। हमने विधान परिषद में कहा था और आसान से आग्रह किया था कि आप टेप खुद देख लें. उच्च सदन के सभापति को वह टेप उपलब्ध है .सरकार की तरफ से उनको अधिकृत कर दिया गया है कि आप स्वयं टेप देख लें और आपकी जो अनुशंसा होगी सरकार मानेगी. 

बता दें, गुरूवार को जैसे ही शुरू हुई, विपक्षी सदस्यों ने एक बार फिर से केके पाठक का मुद्दा उठाया. पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो. चंद्रशेखर ने यह सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को ही सदन में शिक्षकों की टाईमिंग को लेकर ऐलान किया था. इसके बाद भी शिक्षा विभाग की तरफ से आदेश नहीं निकाला गया है. यह पूरे सदन का अपमान है. स्पीकर नंदकिशोर यादव ने हंगामा कर रहे सदस्यों को शांत कराते हुए कहा कि आदेश निकलेगा,चिंता मत करिए.  राजद-माले-कांग्रेस के विधायक इस पर हंगामा करने लगे और वेल में पहुंच गए. विपक्षी विधायक मुख्यमंत्री शर्म करो की नारेबाजी करने लगे. स्पीकर ने कहा कि आपलोग अपने आसन पर बैठ जाएं, शून्यकाल में आपकी बात सुनी जाएगी. हंगामे की बीच स्पीकर ने प्रश्नकाल शुरू कराया. बता दें, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को विस में ऐलान किया था कि शिक्षक क्लास शुरू होने से 15 मिनट पहले यानि 9.45 बजे तक स्कूल आएंगे. वहीं क्लास खत्म होने के 15 मिनट बाद यानि 4.15 पर वापस जाएँगे. हालांकि शिक्षा विभाग की तरफ से इस संबंध में अब तक आदेश नहीं निकाला गया है. इसी मुद्दे को लेकर विपक्षी विधायकों ने सदन की कार्यवाही शुरू होते ही हंगामा शुरू दिया.