राज्यपाल से बात करने पर अमित शाह पर ललन सिंह ने साधा निशाना, कहा - सिर्फ बात नहीं, 2024 तक वहीं ठिकाना बना लीजिए, कोई फायदा नहीं होगा

PATNA : नालंदा और रोहतास में रामनवमी में भड़की हिंसा को लेकर जिस तरह से गृह मंत्री अमित शाह ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से कानून व्यवस्था को लेकर बात की, उसको लेकर जदयू अध्यक्ष ललन सिंह ने पलटवार किया है। ललन सिंह ने अमित शाह को जवाब देते हुए कहा है कि अमित शाह जी के बिहार आने से या उनके राज्यपाल से बात करने पर तकलीफ होगी। राज्यपाल से दिन में 10 बार बात कीजिये।
राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल हो रहे हैं राज्यपाल
ललन सिंह यहीं पर नहीं रुके, उन्होंने राज्यों में राज्यपाल का इस्तेमाल कैसे अपने फायदे के लिए किया जाता है। इसको लेकर भी बड़ा हमला किया है। जदयू अध्यक्ष ने लिखा कि बंगाल, केरल और महाराष्ट्र में लोग गवाह हैं, सब देख चुके हैं कि राज्यपाल जैसी संस्था का राजनीतिक उपयोग आपलोग किस तरह करते हैं। आप चाहें तो 2024 लोकसभा चुनाव तक अपना आवास राजभवन में ही रख लीजिए। परिणाम आपको 2015 वाला ही मिलेगा। 2024 में भाजपा मुक्त भारत होगा, बिहार से बड़का झुट्ठा पार्टी को शून्य ही मिलेगा।
गृह मंत्री अमित शाह की रैली में यह कहा था
बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को नवादा में आयोजित एक रैली के दौरान कहा कि हमने सुबह बिहार के राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर को फोन किया तो ललन सिंह बुरा मान गए कि क्यों चिंता करते हो। अमित शाह ने कहा कि देश का गृह मंत्री हूं तो क्या बिहार की कानून-व्यवस्था की चिंता करना मेरा काम नहीं है। क्या बिहार देश का हिस्सा नहीं है? आप नहीं संभाल सकते, इसलिए तो मैं चिंता कर रहा हूं।