अयोध्या में भक्ति पथ और राम पथ से चोरी हो गए 50 लाख रुपये के लाइट, उच्च सुरक्षा वाले इलाके में हो गया बड़ा कांड
DESK. अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद से ही लगातार अलग अलग कारणों से अनियोजित और गुणवत्ता पूर्ण निर्माण नहीं होने को लेकर कई तरह के मामले सामने आए हैं. इन सबके बीच अब अयोध्या में उच्च सुरक्षा वाले इलाके में स्थित भक्ति पथ और राम पथ पर लगाए गए 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य के 3,800 बांस और 36 प्रोजेक्टर लाइट कथित तौर पर चोरी हो गए हैं। पुलिस ने इसकी पुष्टि की है.
पुलिस के अनुसार अयोध्या विकास प्राधिकरण द्वारा दिए गए अनुबंध के तहत लाइट लगाने वाली फर्म - यश एंटरप्राइजेज और कृष्णा ऑटोमोबाइल्स - के प्रतिनिधि की ओर से 9 अगस्त को शिकायत के बाद राम जन्मभूमि पुलिस स्टेशन में एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी। रामपथ पर 6,400 बांस की लाइटें और भक्ति पथ पर 96 प्रोजेक्टर लाइटें लगाई गई थीं। 19 मार्च तक सभी लाइटें लगी हुई थीं, लेकिन 9 मई को निरीक्षण के बाद पता चला कि कुछ लाइटें गायब हैं। फर्म के प्रतिनिधि शेखर शर्मा ने शिकायत में कहा, "अब तक करीब 3,800 बांस की लाइटें और 36 प्रोजेक्टर लाइटें कुछ अज्ञात चोरों द्वारा चुरा ली गई हैं।"
एफआईआर के अनुसार, फर्म को मई में चोरी के बारे में पता चला, लेकिन उसने 9 अगस्त को शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कहा कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है। 22 जनवरी को पवित्र शहर में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले एक बड़ी परियोजना के तहत अयोध्या का नवीनीकरण किया गया था।