जमुई घटना पर भड़के तेजस्वी यादव: कहा-सभी 7-8 आरोपियों आरोपियों को मिले सीधे फांसी की सजा

जमुई में नाबालिग छात्रा से बदसलूकी के मामले में मुख्य आरोपी नंदन यादव के पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद सियासत तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा है कि अपराधी किसी जाति या धर्म का हो ऐसे मामले में उसे सीधे फांसी की सजा होनी चाहिए..

जमुई घटना पर भड़के तेजस्वी यादव: कहा-सभी 7-8 आरोपियों आरोपिय
जमुई घटना पर तेजस्वी का बड़ा बयान- फोटो : रंजन कुमार

Patna : जमुई में नाबालिग छात्रा से बदसलूकी और मुख्य आरोपी नंदन यादव के पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद बिहार में सियासी पारा चढ़ गया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस घटना को लेकर राज्य सरकार पर जोरदार हमला बोला। तेजस्वी यादव ने जमुई की घटना को बेहद शर्मनाक बताते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर आए वीडियो ने पूरे बिहार को शर्मसार किया है। उन्होंने मांग की कि इस जघन्य अपराध में शामिल लोगों को सीधे फांसी की सजा दी जानी चाहिए।


'जाति-धर्म से परे होकर मिले सभी 7-8 अपराधियों को फांसी'

तेजस्वी यादव ने जोर देकर कहा कि ऐसे गंभीर मामलों में आरोपी की जाति या धर्म नहीं देखा जाना चाहिए। आरोपी किसी भी समाज या धर्म का हो, कानून के तहत उसके खिलाफ सख्त से सख्त कदम उठाया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि इस घटना में शामिल सभी 7-8 लोगों को फांसी की सजा दी जाए। तेजस्वी ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ ऐसी नजीर पेश करने वाली कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे आगे कोई भी इस तरह की हरकत करने की हिम्मत न कर सके।


अखबार की कतरनें दिखाकर कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल 

बिहार में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि राज्य में महिलाएं और लड़कियां बिल्कुल भी सुरक्षित नहीं हैं। मुख्यमंत्री के सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होने के दावों पर तंज कसते हुए उन्होंने करीब एक महीने की अखबार की कतरनें मीडिया को दिखाईं। तेजस्वी ने दावा किया कि बिहार के अलग-अलग जिलों से रोजाना हत्या, अपराध और लड़कियों से छेड़छाड़ की खबरें सामने आ रही हैं। उन्होंने सरकार से पूछा कि इन मामलों में पुलिस की कार्रवाई का आखिर क्या नतीजा निकला?


19 सितंबर की घटना और पुलिस की कार्रवाई 

गौरतलब है कि जमुई में बीते 19 सितंबर की शाम 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा और उसके साथी के साथ कथित तौर पर बदसलूकी की गई थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर पोक्सो (POCSO) समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


मुठभेड़ में घायल हुआ मुख्य आरोपी नंदन यादव 

मामले में पुलिस कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी नंदन यादव पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तेजस्वी यादव ने कहा कि जमुई की यह घटना कोई अकेली वारदात नहीं है, बल्कि बिहार में लगातार हो रहे अपराधों का हिस्सा है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि केवल बयानबाजी करने के बजाय जमीनी स्तर पर अपराध रोकने के लिए ठोस कदम कब उठाए जाएंगे।


रंजन की रिपोर्ट