नवादा में दहेज की बलि चढ़ी विवाहिता, ससुराल वालों ने उतारा मौत के घाट, 7 माह के बच्चे का मां के लिए रो-रोकर बुरा हाल

नवादा में दहेज की बलि चढ़ी विवाहिता, ससुराल वालों ने उतारा म

NAWADA: नवादा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो गयी। घटना तेतरिया बेलदारी गांव का है। मायके वालों की सूचना पर पुलिस ने विवाहिता का शव सोमवार देर शाम तेतरिया बेलदारी स्थित उसके ससुराल से बरामद किया। मायके वालों ने दहेज के लिए जहर पिलाकर हत्या कर देने का आरोप लगाया है।

मृतका लखिया देवी (23) तेतरिया बेलदारी गांव के छत्तीस चौहान की पत्नी बताई जाती है। वह सात माह के एक बच्चे की मां थी। पुलिस ने मृतका के शव का अन्वीक्षण रिपोर्ट तैयार कर मंगलवार की सुबह सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया और बॉडी मायके वालों को सौंप दिया।

वहीं घटना के बाद मृतका के पति समेत अन्य परिजन फरार बताये जा रहे हैं। इधर, घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतका के पिता नालंदा जिले के गिरियक थाना क्षेत्र के सोहदा गांव के निवासी भरत चौहान द्वारा मामले में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। प्राथमिकी में मृतका के पति छत्तीस चौहान समेत छह ससुराल वालों पर दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है।

आरोपितों में मृतका का ससुर, भैंसुर, भैंसुर की पत्नी, देवर व ननद शामिल बताये जाते हैं। पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज के लिए उसकी बेटी को प्रताड़ित किया जा रहा था। घटना के दिन इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ और ससुराल वालों ने उसे जबरन जहर पिलाकर मार दिया।

नवादा से अमन की रिपोर्ट