नवादा की बेटी नेपाल में हुई सम्मानित, काठमांडू में भारत-नेपाल साहित्य महोत्सव का हुआ आयोजन

नवादा. नेपाल की राजधानी काठमांडू के आनंद पशुपति भवन में आयोजित तीन दिवसीय नेपाल भारत साहित्य महोत्सव में दोनों देशों के साहित्यिक, सामाजिक व पत्रकारिता जगत की विभूतियों की सहभागिता रही, जिसमें भारत से आये प्रमुख साहित्यकारों के साथ भारत की साहित्यकार डॉ. राशि सिन्हा को 'अमृता प्रीतम' सम्मान से सम्मानित किया गया। भारत के बिहार राज्य के नवादा की साहित्यकार डॉ.राशि ने अन्य भारतीय साहित्यकारों के साथ इस महोत्सव में शिरकत की तथा कई सत्रों में विभक्त इस कार्यक्रम के एक महत्वपूर्ण सत्र में नारी सशक्तिकरण परिचर्चा में शामिल होकर अपनी महती भूमिका निभाई।
दो देशों के मध्य आयोजित इस साहित्यिक महोत्सव/मैत्री सम्मेलन में बहुभाषी काव्य सम्मेलन तथा नेपाल भारत संबंध में संस्कृति की भूमिका आदि विषय शामिल रहे। साथ ही तीसरे दिन साहित्यिक भ्रमण के दौरान 7500 फीट ऊंची पहाड़ी पर स्थित चंद्रागिरि पर्वत पर सात सूत्रीय काठमांडू घोषणा पत्र प्रस्तुत किया गया, जिसमें दोनों देशों के साहित्य को अंतरराष्ट्रीय पटल पर बल दिया गया। ललितपुर नगरपालिका प्रतिनिधि द्वारा सभी भारतीय अतिथियों का स्वागत कर उन्हें पाटन के विश्व धरोहर में शामिल दरबार स्कायर, कृष्ण मंदिर, गोल्डन टैंपल और संग्रहालय का भ्रमण कराया गया।
अप्रैल 29, 30 तथा मई 1 के तीन दिवसीय कार्यक्रम के समापन के अवसर पर काठमांडू के नेशनल आडिटोरियम (राष्ट्रीय नाच घर ) में नेपाली सांस्कृतिक कार्यक्रमों की एक बड़ी श्रृंखला आयोजित हुई। जिसमें भारत से नीता चौधरी ने शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत किया। इसी कार्यक्रम में दोनो देशों के अतिथियों की उपस्थिति में दोनों देशों के साहित्यकार सम्मानित किये गये।