नीतीश कुमार इसी महीने करेंगे कैबिनेट का विस्तार, 17 और विधायकों को मंत्रीमंडल में मिलेगी जगह

पटना... 17वीं विधानसभा का आज से पहला सत्र शुरू हो रहा है। इस सत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष के कुल 105 विधायक मौजूद रहेंगे, जहां प्रोटेम स्पीकर जीतन राम मांझी शपथ दिलाएंगे। गौरतलब है कि आज से शुरू हो रहे विधानमंडल सत्र में बहुमत साबित करने के बाद नीतीश कुमार इसी माह अपनी कैबिनेट का विस्तार कर सकते हैं। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री 17 और विधायकों को मंत्री बना सकते हैं। इसमें भाजपा की भागीदारी अधिक होगी।
सूत्रों की मानें तो इनमें जदयू से सात और भाजपा से 10 मंत्री बनाए जाने की संभावना है। इस विस्तार के बाद नीतीश कैबिनेट में मंत्रियों की संख्या 32 हो जाएगी। हालांकि, विधानसभा में कुल विधायकों की संख्या 243 के आधार पर अधिकतम 36 मंत्री बनाए जा सकते हैं।
अभी भाजपा कोटे से 7 और जदयू कोटे से 5 मंत्री हैं। वीआईपी व हम से एक-एक मंत्री बनाए गए हैं। माना जा रहा है कि अब जो विस्तार होगा, उसमें सिर्फ भाजपा और जदयू से मंत्री बनाए जाएंगे। अभी दोनों पार्टियों के कई पूर्व मंत्री और प्रबल दावेदारों को पहले कैबिनेट में स्थान नहीं मिला है। उनमें से कई को मंत्री बनाया जा सकता है। कुछ एक एमएलसी भी मंत्री बनाए जा सकते हैं।
पिछली सरकार में भाजपा के कोटे से डिप्टी सीएम समेत 13 मंत्री थे। सीएम को मिलाकर जदयू कोटे से 22 मंत्री थे। अबकी बार विस्तार में भाजपा के कोटे में मंत्रियों की संख्या 19 तक हो सकती है और जदयू के कोटे से 16।