राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश से नीतीश कुमार की नाराजगी आई सामने, पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी टीम में नहीं मिली जगह

PATNA : जदयू के सांसद व राज्यसभा सांसद हरिवंश को लेकर नीतीश कुमार और जदयू की नाराजगी अब खुलकर सामने आ गई है। जदयू ने आनेवाले लोकसभा चुनाव और पार्टी को एकजुट करने के उद्देश्य से बुधवार को नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का गठन किया है। जिसमें पार्टी के 98 बड़े चेहरों को शामिल किया गया है। लेकिन, हैरान करनेवाली बात यह है कि इसमें उपसभापति हरिवंश का नाम शामिल नहीं है। जबकि उन्हें छोड़कर संसद के दोनों सदनों में पार्टी के सभी सदस्यों और राज्य मंत्रिमंडल में जदयू के सभी मंत्रियों के भी नाम इस सूची में हैं। पार्टी के लोकसभा में बिहार से 16 सांसद हैं और राज्यसभा में हरिवंश सहित पांच सांसद हैं। 

खोया नीतीश कुमार का भरोसा

बता दें कि बिहार में पिछले साल सत्ता परिवर्तन के दौरान हरिवंश इकलौते सांसद थे, जो एनडीए की केंद्र सरकार से जुड़े हुए थे। एक सांविधानिक पद पर होने के कारण उस समय इस पर कोई फैसला नहीं लिया गया। वहीं मामला तब खराब हो गया जब नई संसद के उद्घाटन के समय महागठबंधन के सभी सांसदों ने समारोह का बहिष्कार किया था। लेकिन तब हरिवंश इसमें शामिल हुए थे। बाद में उन्होंने सीएम नीतीश से भी मुलाकात की थी। लेकिन ये तभी तय हो गया था कि वो नीतीश की नजरों से उतर गए हैं। आखिर में जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की लिस्ट से भी उनका पत्ता साफ हो गया।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने इसकी सूची जारी की। इसमें मुख्यमंत्री एवं पार्टी के सर्वोच्च नेता नीतीश कुमार का नाम सबसे ऊपर रखा गया है। ललन के अलावा सूची में अन्य प्रमुख नामों में अनुभवी समाजवादी के सी त्यागी शामिल हैं, जो मीडिया में पार्टी के सबसे अधिक दिखाई देने वाले चेहरों में से एक हैं। त्यागी के पास विशेष सलाहकार और मुख्य प्रवक्ता का पद है। ललन जद (यू) के संसदीय दल के नेता भी हैं।

Nsmch

वहीं लगभग 30 सदस्यीय राज्य मंत्रिमंडल में, मुख्यमंत्री के अलावा पार्टी के 12 मंत्री हैं। बिहार के नेता, जिनमें संसद और राज्य विधानमंडल के मौजूदा और पूर्व सदस्य और अन्य पदाधिकारी शामिल हैं। सूची में शामिल किए गए सदस्यों में पार्टी के अन्य राज्य अध्यक्ष यथा पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल और झारखंड के अलावा जम्मू-कश्मीर, पंजाब, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और महाराष्ट्र जैसे कई दूर-दराज के प्रांतों से भी हैं।