नीतीश के खास जदयू विधायक हाथ में रिवॉल्वर लेकर पहुंचे अस्पताल : पूछने पर कहा कि बंदूक कमर में नहीं हाथ में लेकर चलने की चीज है, DSP को गंगा में फेंकने की दे चुके हैं धमकी

BHAGALPUR : जिले के गोपालपुर से जदयू विधायक गोपाल मंडल आए दिन किसी न किसी कारण से चर्चा में रहते हैं। अब विधायक जी फिर से चर्चा में हैं। गोपाल मंडल का एक वीडियो सामने आ रहा है, जिसमें वह अस्पताल में हाथों में रिवॉल्वर लिए घूमते हुए नजर आ रहे हैं। यहां तक कि सर्जरी रूम में हथियार लेकर पहुंच गए। इस दौरान कुर्सी और सत्ता का रौब ऐसा कि पूछने पर उन्होंने कहा कि बंदूक कमर में नहीं हाथ में लेकर चलने की चीज है। हालांकि इस दौरान विधायक जी यह भूल गए अस्पताल में इस तरह खुले में हथियार लेकर चलना प्रतिबंधित है।
पोती का कराने आए थे सीटी स्कैन
जदयू विधायक गोपाल मंडल हाथ में रिवाल्वर लिए अस्पताल पहुंचे तो उनको देखकर लोग सकते में आ गए। जब लोगों ने सवाल किए तो नीतीश के विधायक ने देसी अंदाज में जवाब देते हुए कहा कि पैन्हैं चोर-बदमाश लगलो रहै छलै आब राजनीतिक लोग लागलो छै कि गोपाल मंडल एमपी नै बनै... यानी कि पहले उनकी जान के पीछे चोर-बदमाश लगे हुए थे और अब नेता भागलपुर। जदयू के गोपालपुर विधायक एवं सचेतक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल मंगलवार की शाम हाथ में रिवाल्वर लिए जवाहर लाल नेहरू अस्पताल पहुंच गए। पोती अवनि का सिटी स्कैन कराना था। इस दौरान हाथ में रिवाल्वर देख विधायक के कारनामे नहीं जानने वाले सकते में आ गए थे। पूछने पर विधायक ने लोकल भाषा में कहा कि हाथ म लै के नै चलबै त भीतरी म लै के चलबै। इसका मतलब था कि हाथ में रिवाल्वर नहीं रखेंगे तो क्या कमर में रखेंगे।
बताया अपनी जान को खतरा
फिर लोकल भाषा में बोलने लगे कि पैन्हैं चोर-बदमाश लगलो रहै छलै, आब राजनीतिक लोग लागलो छै, कि गोपाल मंडल एमपी नै बनै। जौने नेता नै चाहे छै कि हमैं एमपी नै बनियै वैं लागलो नी छै। यै लेली हाथों म रिवाल्वर रहतै तब नी जरा हिन्नै-हुन्नै होलै कि दैइये देबै। विधायक का कहना था कि पहले उनके पीछे चोर-बदमाश लगे हुए थे कि जान ले लें। अब जब से एमपी बनने की तैयारी में हैं, राजनीतिज्ञ लोग लगे हुए हैं कि यह जिंदा रहेगा तो एमपी बन जाएगा।
सीधे की गोली मारने की बात
इसलिए हाथ में रिवाल्वर रखते हैं, जरा भी इधर-उधर हुआ कि बिना देर किए ठोंक देंगे।विधायक गोपाल मंडल निश्चिंत भाव से कहते हैं कि हमारी आबादी अधिक है तो एमपी तो बनेंगे ही न। गाड़ी से पोती के साथ अस्पताल आए, सिटी स्कैन कराया। सब ठीक था, लौट रहे हैं। कहीं कोई विवाद नहीं। हमारा यही स्टाइल है, हमारे लोग, हमारे वोटर हमारे हुरमुठ अदा के दीवाने हैं। हम भी उनके लिए दिन-रात कभी भी, कहीं भी किसी से टकराने के लिए तैयार रहते हैं।
DSP को दी गंगा में फेंकने की दी थी धमकी
हालांकि यह पहला मामला नहीं है जब विधायक गोपाल मंडल का नाम किसी विवाद में सामने आया हो। हालांकि, हर विवाद पर बड़ी ही साफगोई से अपनी बात भी रखते हैं। कभी गोपालपुर से आए मरीज के उपचार में देरी पर एक डाक्टर को एके-47 से भून देने की धमकी तो कभी डीएसपी मुख्यालय को इलाके के युवक की बेरहमी से पिटाई करने पर गंगा में फेंक देने की धमकी दे चुके हैं। तेजस राजधानी एक्सप्रेस में अंडरवियर में घूमने और एक सहयात्री से विवाद को लेकर काफी चर्चा में रहे थे।