BIG BREAKING : बेगूसराय में पुलिस मुठभेड़ मारा गया कुख्यात अपराधी बटोहिया, कई मामले में पुलिस को थी तलाश

BEGUSARAI : आज बिहार एस.टी.एफ. की विशेष टीम एवं बेगूसराय जिला पुलिस के संयुक्त अभियान में बेगूसराय जिला का कुख्यात एवं वांछित अपराधकर्मी तथा 50,000 रूपये का ईनामी विवेक कुमार उर्फ बटोहिया पे०- रामप्रकाश सिंह, सा० रामदीरी टोला आकाशपुर थाना सिंघौल मुफस्सिल जिला बेगूसराय के गैंग के साथ सिंघौल थानान्तर्गत आकाशपुर में पुलिस मुठभेड़ हुई। उक्त मुठभेड़ में विवेक कुमार उर्फ बटोहिया मारा गया तथा उसके दो सहयोगी गिरफ्तार किये गये। साथ ही पुलिस ने मौके से एक देशी कारबाईन और एक देशी पिस्टल भी बरामद किया गया है। वही सर्च अभियान अभी जारी है।
उल्लेखनीय है कि उक्त अपराधी विवेक कुमार उर्फ बटोहिया द्वारा मटिहानी थाना क्षेत्र के रहने वाले भाजपा विजय कुमार सिंह एवं उनके पुत्र कुणाल कुमार ढ़िल्लो की हत्या कर दी गयी थी। हाल ही में सिंघौल थानान्तर्गत राजापुर के रहने वाले छोटु मास्टर के घर पर रंगदारी के लिए गोलीबारी की घटना उनके द्वारा की गयी थी। इनके विरूद्ध सिंघौल एवं मटिहानी तथा नयागाँव थाना (बेगूसराय) में हत्या, अपहरण एवं आर्म्स एक्ट के 06 काण्ड दर्ज हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस को बटोहिया के छिपे होने की जानकारी मिली थी। जिसके बाद उसे गिरफ्तार करने गयी पुलिस और एसटीएफ की टीम पर हमला कर दिया। जिसके बाद जवाबी कार्रवाई करते उसे टीम ने उसे मौके पर मार गिराया।
वहीँ इस घटना में मटिहानी थाना अध्यक्ष विवेक भारती को पैर में गोली लगी। जबकि एसटीएफ जवान संतोष कुमार के हाथ में गोली लगी है। दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बेगूसराय से अजय शास्त्री की रिपोर्ट