PATNA: राजधानी पटना में मोबाइल पर लूडो खेलने के बीच दो युवकों में विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद दोनों पक्ष इतने आक्रमक हो गए कि एक युवक ने दूसरे युवक की गर्दन पर धारदार हथियार से वार कर दिया। अचानक हुए इस हमले में अनिल कुमार के गले पर गहरी चोट आई और वह बुरी तरह घायल हो गया। परिजनों ने उसे आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी स्थिति काफी चिंताजनक बनी हुई है।
यह अजीबोगरीब और हैरान कर देने वाली घटना पटना जिले के दुल्हिन बाजार के अछुआ गांव की है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है और पुलिस इस मामले में थाने में प्राथमिकी का इंतजार कर रही है। दुल्हिन बाजार के थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि रविवार की देर रात अछुवा गांव में एक मंदिर के बरामदे पर अनिल यादव, सोनू कुमार, उदय कुमार, सुनील यादव आपस में मोबाइल पर लूडो खेल रहे थे। खेल-खेल में ही अनिल यादव और सोनू के बीच विवाद शुरू हो गया। वहां उपस्थित लोगों ने दोनों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन इस बीच विवाद काफी बढ़ गया और मामला हाथापाई तर पहुंच गया। दोनों में कोई शांत होने को तैयार नहीं था और इसी बीच सोनू ने धारदार हथियार से अनिल कुमार यादव के गला पर जोरदार वार कर दिया। बचाव के लिए वहां पहुंचे पंकज को भी चोट आई और वह भी घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते हैं दुल्हिन बाजार के थाना प्रभारी अशोक कुमार दल-बल के साथ वहां पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। जहां डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि अभी दोनों तरफ से किसी तरह की कोई लिखित शिकायत थाना में प्राप्त नहीं हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि अनिल यादव खेती बाड़ी का काम किया करता है। अनिल यादव और सोनू के बीच कई वर्षों से भूमि विवाद का मामला चला आ रहा है। जमीन विवाद को लेकर दोनों के बीच हमेशा है विवाद होता रहता है। रविवार की घटना इसी का परिणाम बताया जा रहा है। लोगों ने बताया कि लूडो खेलने को लेकर उपजे विवाद की आड़ में पुरानी दुश्मनी को भी साध लिया गया है। थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से छानबीन कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि इस मामले में जो भी आरोपित होंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।