बेगूसराय में युवती के साथ दुष्कर्म पर भड़के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, सम्राट सरकार और पीएम मोदी पर बोला तीखा हमला
बेगूसराय में युवती के साथ हुई बर्बरता की घटना को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार और पीएम मोदी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि पीएम चुनाव के समय बिहार में जंगल राज का राग अलापते है और ऐसी घटनाओं पर मौन साध लेते है.....
Patna : बेगूसराय में युवती के साथ हुई बर्बरता, दुष्कर्म और मारपीट की घटना को लेकर राज्य में सियासत पूरी तरह गरमा गई है। बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस जघन्य वारदात को लेकर राज्य सरकार और केंद्र पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया (फेसबुक) पोस्ट के माध्यम से घटना पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है और चारों तरफ केवल असुरक्षा और अन्याय का माहौल व्याप्त है।
"बिहार में अब हैवानों, शैतानों और राक्षसों का राज": तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव ने अपने पोस्ट में लिखा कि बेगूसराय में एक युवती के साथ जिस तरह की हैवानियत, मारपीट और शोषण की घटना हुई है, उसका शब्दों में वर्णन करना भी कठिन है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर सीधा निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि आपराधिक और जातिवादी चरित्र वाले नेतृत्व के कारण अपराधियों के हौसले पूरी तरह से बुलंद हो चुके हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि शासन-प्रशासन की इस नाकामी और ढिलाई का खामियाजा आज राज्य के आम निर्दोष बिहारियों को भुगतना पड़ रहा है।
प्रधानमंत्री की चुप्पी पर उठाए गंभीर सवाल, 'जंगलराज' के राग पर कसा तंज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि देश के शीर्ष नेतृत्व को बेटियों की चीख-पुकार सुनाई नहीं दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री चुनाव के समय बिहार आकर 'जंगलराज' का राग अलापने के लिए इस स्थिति पर मौन साधे हुए हैं। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का प्रिय गाना "मारब सिक्सर की छहो गोली छाती में रे..." क्या अब अपनी प्रासंगिकता खो चुका है या उसकी गोलियां खत्म हो चुकी हैं।
महिला सुरक्षा और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य भर में आक्रोश
बता दें बेगूसराय में घटी इस जघन्य घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और स्थानीय लोगों के साथ-साथ मुख्य विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने भी सरकार को कठघरे में खड़ा कर दिया है। विपक्ष का कहना है कि राज्य में महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अपराधों का ग्राफ तेजी से बढ़ा है, जिससे आम जनता में डर और दहशत का माहौल बन गया है।
मामले में त्वरित कार्रवाई और दोषियों को सख्त सजा देने की उठ रही मांग
इस राजनीतिक घमासान के बीच पुलिस-प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता को चिकित्सीय व कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। विपक्षी नेताओं ने बेगूसराय पुलिस प्रशासन से मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने और स्पीडी ट्रायल चलाकर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है, ताकि राज्य में गिरते कानून-व्यवस्था के इकबाल को बहाल किया जा सके।
रंजन की रिपोर्ट