बिहार के पहाड़ों पर ड्रोन से लगाए जाएंगे पौधे, 20 अगस्त से होगी शुरूआत, करीब 4 करोड़ पेड़ लगाने का है लक्ष्य

बिहार के पहाड़ों पर ड्रोन से लगाए जाएंगे पौधे, 20 अगस्त से ह

PATNA: बिहार सहित पूरे देश में आज धूमधाम से रक्षाबंधन का पर्व मनाया जा रहा है। इस अवसर पर बिहार के सीएम नीतीश कुमार पटना ईको पार्क पहुंचे। जहां उन्होंने पीपल के पेड़ को राखी बांधी। साथ ही सीएम नीतीश ने वहां एक पौधा भी लगाया। इस दौरान उनके साथ डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा सहित वन पर्यावरण विभाग के मंत्री प्रेम कुमार और कई अधिकारी मौजूद थे।

वहीं पर्यावरण मंत्री प्रेम कुमार ने बताया कि 20 अगस्त यानी कल से बिहार के पहाड़ों पर पेड़ लगाए जाएंगे। मंगलवार से ये पेड़ पहाड़ों पर ड्रोन के माध्यम से लगाए जाएंगे। मंत्री प्रेम कुमार ने कहा कि पर्यावरण को बचाना हमारा मकसद है। इसके लिए बिहार में करीब 4 करोड़ वृक्ष लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि अब तक 2 करोड़ 20 लाख पौधे लग चुके हैं। इन पौधों की सुरक्षा का पूरा इतंजाम किया जा रहा है। 

वहीं उन्होंने बताया कि कल से बिहार के पहाड़ों पर भी पेड़ लगाए जाएंगे। ड्रोन की मदद से इन पहाड़ों पर पेड़ लगेंगे। इसके जरिए ग्रीन बिहार बनाने का लक्ष्य रखा गया है। प्रेम कुमार ने कहा कि, इस वक्त दुनिया में काफी संकट है। जलवायु परिवर्तन हो रहा है। मौसम बदल रहा है। समय पर मानसून दस्तक नहीं दे रहा है। इस संकट से निपटने के लिए ही पेड़ लगाने का अभियान शुरू किया गया है। 

दक्षिण बिहार पहाड़ और जंगलों से घिरा हुआ एरिया है। गया, औरंगाबाद, नवादा, जमुई, जहानाबाद, रोहतास में पहाड़ों पर मैनुअल तरीके से सीड बॉल लगाने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया है। ड्रोन के इस्तेमाल से पहाड़ों पर पौधे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही पहाड़ी एरिया पर पौधों को सही समय पर पानी मिले इसके लिए गार्लैंड ट्रेंच की व्यवस्था की जा रही है।