PATNA: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार आ रहे हैं। करीब 20 महीने के बाद पीएम बिहार दौरे पर आ रहे हैं। पीएम पहले औरंगाबाद जाएंगे जिसके बाद वह बेगूसराय जाएंगे। बता दें कि पीएम मोदी अगले पांच दिनों में दो बार बिहार आएंगे। पीएम औरंगाबाद में सभा को संबोधित करेंगे। उनके कार्यक्रम का आयोजन औरंगाबाद बाइपास पर स्थित रतनुआ फॉर्म में किया गया है।
बिहार आ रहे पीएम
जानकारी अनुसार औरंगाबाद में पीएम लगभग 21 हजार 200 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन करेंगे। चार बजे पीएम बेगूसराय के लिए रवाना होंगे। वहां एक लाख 62 हजार करोड़ की राष्ट्रव्यापी योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन करेंगे। इनमें से बिहार की 27 हजार करोड़ की परियोजनाएं हैं। प्रधानमंत्री 189 करोड़ से स्थापित बरौनी रिफाइनरी की इंडजेट यूनिट और 9,512 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हिन्दुस्तान उर्वरक रसायन लि. (हर्ल) की बरौनी यूनिट का लोकार्पण करेंगे।
गया एयरपोर्ट से औरंगाबाद जाएंगे पीएम
मालूम हो कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर गया एयरपोर्ट की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। शनिवार को पीएम मोदी सेना के विमान से दोपहर करीब डेढ़ बजे गया एयरपोर्ट पहुंचेंगे और यहां से हेलीकॉप्टर से औरंगाबाद के लिए रवाना हो जाएंगे। फिर बेगूसराय जाएंगे। गया एयरपोर्ट पर सुरक्षा को पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
औरंगाबाद में इतने करोड़ योजनाओं की देंगे सौगात
वहीं आधिकारिक जानकारी के अनुसार औरंगाबाद में प्रधानमंत्री केंद्रीय सड़क एवं परिवहन राजमार्ग मंत्रालय की 11 परियोजनाओं की सौगात बिहारवासियों को देंगे। इसकी लागत 18 हजार 188 करोड़ है। इसी तरह रेलवे की चार परियोजनाओं की गत 826 करोड़ है। जलशक्ति मंत्रालय की 12 योजनाओं की लागत 2188 करोड़ है। इस तरह औरंगाबाद में पीएम कुल 21 हजार 203 करोड़ की योजनाओं की सौगात देंगे। वहीं बेगूसराय में प्रधानमंत्री रेलवे की 3917 करोड़ की योजनाओं की सौगात देंगे। इसके अलावा इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन व अन्य केंद्रीय मंत्रालयों की एक लाख 56 हजार करोड़ की योजनाओं की सौगात बिहारवासियों को देंगे।
बिहार को देंगे सौगात
वहीं पीएम बिहार को बेगूसराय में कुल एक लाख 60 हजार करोड़ की योजनाओं की सौगात देंगे। बेगूसराय से लांच होने वाली राष्ट्रव्यापी योजना में से 29 हजार करोड़ की परियोजना बिहार के लिए है। बिहार से लांच होने वाले प्रोजेक्ट तेल और गैस फर्टिलाइजर और रेलवे के सहित कई क्षेत्रों से संबंधित है। इन परियोजनाओं में से 39 प्रोजेक्ट तेल- गैस क्षेत्र से जुड़े हैं।
6 नई ट्रेनों को दिखाएंगे हरी झंडी
10 परियोजना रेलवे के हैं। पीएम छह नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। नए सिरे से स्थापित बरौनी फर्टिलाइजर प्लांट का उद्घाटन किया जाएगा। यह प्लांट न केवल यूरिया के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देगा बल्कि रोजगार के अवसर भी पैदा करेगा। इस प्लांट की क्षमता 12.5 एमटीपीए यूरिया प्रोड्यूस करने की होगी।