अनिल यादव गोलीकांड में बड़ा खुलासा: 5 लाख की सुपारी देकर कराया गया था हमला, मास्टरमाइंड शंकर राय समेत 8 आरोपी गिरफ्तार
पटना के चर्चित पूर्व पार्षद अनिल यादव गोलीकांड मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। अनिल यादव पर 5 लाख की सुपारी देकर हमला करवाया गया था। पुलिस ने इस मामले के मास्टर माइंड शंकर राय समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है....
Patna : राजधानी पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में जन सुराज पार्टी के नेता और पूर्व वार्ड पार्षद अनिल यादव पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पटना पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य साजिशकर्ता शंकर राय और दो शूटरों (ऋतिक और पप्पू) समेत अब तक कुल 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि पुरानी चुनावी रंजिश के तहत अनिल यादव की हत्या के लिए पेशेवर शूटरों को 5 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। उक्त जानकारी सिटी एसपी ममता कल्याणी ने दी है।
वार्ड पार्षद चुनाव की पुरानी रंजिश बनी हमले की मुख्य वजह
उन्होंने बताया कि पुलिस अनुसंधान में यह स्पष्ट हुआ है कि अनिल यादव और मुख्य साजिशकर्ता शंकर राय एक ही मोहल्ले के निवासी हैं। दोनों के बीच वार्ड पार्षद चुनाव को लेकर लंबे समय से राजनीतिक व व्यक्तिगत दुश्मनी चली आ रही थी। इसी रंजिश के कारण शंकर राय ने इलाके के कुख्यात अपराधी राहुल साहनी उर्फ नीरज से संपर्क साधा और अनिल यादव को रास्ते से हटाने के लिए हत्या की पूरी पटकथा रची।
ऑटो और बाइक का इस्तेमाल कर योजनाबद्ध तरीके से पहुंचे थे शूटर
सिटी एसपी ने बताया कि वारदात के दिन शूटरों ने पहचान छिपाने के लिए अलग-अलग साधनों का इस्तेमाल किया था। साजिश के तहत दो शूटरों को ऑटो चालक के जरिए मंदिर के पास छोड़ा गया, जहां से वे चोरी की बाइक पर सवार होकर अपार्टमेंट के बेसमेंट तक पहुंचे। बेसमेंट में बैठे अनिल यादव पर बदमाशों ने अंधाधुंध करीब 14 राउंड गोलियां बरसाईं, जिसमें उन्हें 5 गोलियां लगीं और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
आपराधिक इतिहास वाले अपराधियों का नेटवर्क आया सामने
पुलिस जांच के अनुसार, मास्टरमाइंड शंकर राय की आपराधिक पृष्ठभूमि रही है और उसके खिलाफ लूट, हत्या व चोरी से जुड़े करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं। वहीं, गिरोह में शामिल राहुल साहनी पर भी 8 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल पिस्टल, देसी कट्टा और ऑटो को पहले ही जब्त कर लिया है।
फरार एक अन्य शूटर की तलाश में पुलिस की सघन छापेमारी जारी
सिटी एसपी ने बताया कि मामले में अब तक 8 लोगों को सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है, जबकि वारदात में शामिल एक अन्य शूटर अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। सेंट्रल एसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद स्पीडी ट्रायल चलाकर सभी दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
अनिल की रिपोर्ट