पटना में 45 लाख का गबन करने के आरोपी पूर्व पैक्स अध्यक्ष को पुलिस ने किया गिरफ्तार, कई सालों से चल रही थी फरार, भेजा जेल

PATNA : 45 लाख रूपये सरकारी राशि का गबन कर कई साल फरार चल रही पूर्व पैक्स अध्यक्ष को पालीगंज पुलिस ने जहानाबाद पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मिली जानकारी के मुताबिक पूर्व पैक्स अध्यक्ष रमनिका देवी सात वर्षो से फरार चल रही थी। जिन्हें धर दबोचते हुए पुलिस ने बड़ी सफलता पाई है।
मिली जानकारी के मुताबिक पालीगंज अनुमंडल सह प्रखंड क्षेत्र के चिक्सी पंचायत के पूर्व पैक्स अध्यक्ष रही रमनिका देवी ने अपने पिछले कार्यकाल में धान क्रय विक्रय के लिए पालीगंज अनुमंडल बाजार स्थित पाटलिपुत्र ग्रमीण बैंक के खाते से 26 लाख रुपए की बड़ी राशि को फर्जी तरीके से निकाल कर गबन कर लिया। उस समय तत्कालीन सहकारिता प्रखंड प्रसार पदाधिकारी केशव कुमार और पाटलिपुत्र ग्रामीण बैंक शाखा प्रबंधक रहे इंद्रदेव कुमार द्वारा कई बार राशि वसूली के लिए प्रयास किया गया। लेकिन पूर्व पैक्स अध्यक्ष रमनिका देवी ने पैसे वापस नहीं जमा कराया। उलटे पैसे लेकर फरार हो गई और दूसरे जगह रहने लगी। थक हार कर प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी और पाटलिपुत्र बैंक के शाखा प्रबंधक इंद्रदेव कुमार द्वारा पूर्व पैक्स अध्यक्ष पर सरकारी पैसे को गबन करने की आरोप लगाते सिगोड़ी थाने में दो अलग अलग प्राथमिकी सहकारिता विभाग और पाटलिपुत्र बैंक द्वारा दर्ज कराई गई। तत्कालीन प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी केशव प्रसाद ने राशि वसूली कई प्रयास को विफल हो जाने के बाद चिक्सी पैक्स अध्यक्ष रही रमनिका देवी पर सरकारी राशि को गबन करने की आरोप लगाते हुए सिगोड़ी थाने में कांड संख्या 68/2016 में दर्ज करवाया था। वहीँ पाटलिपुत्र ग्रामीण बैंक के तत्कालीन शाखा प्रबंधक रहे इंद्रदेव कुमार ने वरीय पदाधिकारियों के दिशा निर्देश के बाद सहकारिता विभाग के लगभग 6 साल बाद 2022 में सिगोड़ी थाने कांड संख्या 202/2022 के रूप में पूर्व पैक्स अध्यक्ष को आरोपी बनाते हुए सूद समेत राशि 44 लाख 54 हजार 222 रुपए गबन करने की आरोप लगाते हुए रमनिका देवी पर मामला दर्ज करवाया था।
दोनों मामले के बाद पूर्व पैक्स अध्यक्ष रमनिका देवी फरार रहने लगी और अपना स्थाई घर छोड़कर जहानाबाद रहने लगी। इस बीच पुलिस को पूर्व पैक्स अध्यक्ष के रहने की खबर लगी। जिसके बाद बीते कल सिगोड़ी पुलिस ने जहानाबाद की पुलिस के सहयोग से संयुक्त रूप से छापेमारी करते हुए जहानाबाद एक्सचेंज ऑफिस के पास से गिरफ्तार कर रमणिका देवी को जेल भेज दिया।
सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार चिक्सी पंचायत के पूर्व पैसा अध्यक्ष रहे रमणिका देवी ने अपने कार्यकाल के दौरान 2016 में पाटलिपुत्र ग्रामीण बैंक के शाखा से 26 लाख 47 हजार रुपए की लोन धान खरीदी के लिए लिया था, जोकि 2022 तक बढ़कर सूद समेत लगभग 45 लाख की राशि की बड़ी रकम हो गई है। आज तक यह रकम 50 लाख से पार हो गई होगी। शाखा प्रबंधक द्वारा वसूली के लिए कई बार नोटिस भी दिया गया। परन्तु पैक्स अध्यक्ष रमनिका देवी ने कोई संज्ञान नहीं लिया, उलटे गायब हो गई। अंततः पुलिस ने पूर्व पैक्स अध्यक्ष पर शिकंजा कसते हुए जहानाबाद से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पटना से अमलेश की रिपोर्ट