जमुई के कुख्यात नक्सली देवेन्द्र यादव को पुलिस ने किया गिरफ्तार, बिहार झारखण्ड में दर्ज हैं कई मामले

JAMUI : जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र अंतर्गत दरीमा गांव के कुख्यात नक्सली/अपराधी देवेंद्र यादव पिता सुखदेव यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार नक्सली पर लगभग 10 अपराधिक मामले जमुई और झारखंड के गिरिडीह थाने में दर्ज है।

जमुई पुलिस ने देवघर के कुंडा थाना क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के मुताबिक जमुई पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि डीपी यादव देवघर के कुंडा थाना अन्तर्गत हथगढ़ में छिपा हुआ है। जिसके तुरंत बाद जमुई एसपी डॉक्टर शौर्य सुमन ने एएसपी अभियान ओमकार नाथ सिंह के नेतृत्व में एक छापेमारी टीम गठित की। 

Nsmch
NIHER

इसके बाद देवघर में रह रहे डीपी यादव का लोकेशन कन्फर्म कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बता दें की देवेंद्र यादव पर जमुई के अरुणमाबक के इंजीनियर अंकित कुमार की हत्या का भी आरोप है। साथ ही कई लूट और नक्सली गतिविधि में भी शामिल होने की पुष्टि जमुई पुलिस द्वारा की गई है। 

जमुई पुलिस द्वारा लगातार नक्सली ऑपरेशन में मिल रही सफलता का ही परिणाम है की अब लंबे अरसे से कोई भी बड़ी नक्सली घटनाक्रम जमुई जिले में नही हुई है। वही जमुई पुलिस इसे बड़ी सफलता मान रही है। जमुई एसपी ने कहा की आगे भी ऐसे ऑपरेशन जारी रहेंगे।

जमुई से सुमित सिंह की रिपोर्ट