बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

पंजाब में मतदान कल : 2.12 करोड़ मतदाता तय करेंगे चतुष्कोणीय मुकाबले में कौन बनेगा पंजाब का सरदार

पंजाब में मतदान कल : 2.12 करोड़ मतदाता तय करेंगे चतुष्कोणीय मुकाबले में कौन बनेगा पंजाब का सरदार

दिल्ली. पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को मतदान होगा. राज्य की 117 विधानसभा सीटों पर 1304 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनके लिए पंजाब के 2,12,75,066 मतदाता मतदान करेंगे। इनमें 1,00,86,514 महिला मतदाता हैं। देश के सबसे उम्रदराज 94 साल के उम्मीदवार प्रकाश सिंह बादल मैदान में हैं। 25 साल की आयु के 6 उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में हैं।

मतदान के लिए चुनाव आयोग की ओर इसकी तैयारी पूरी कर ली गई हैं। 24740 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसमें से 1051 केंद्र संवेदनशील केंद्र घोषित किए गए हैं। इस बार 315 ऐसे उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में हैं, जिनके खिलाफ अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज हैं। 218 प्रत्याशी तो ऐसे हैं, जिन पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं। चुनाव के नतीजे 10 मार्च को आएंगे।

इस बार अकाली दल की ओर से सबसे ज्यादा दागी उम्मीदवारों को टिकट दिया गया है। 65 प्रत्याशी ऐसे हैं, जिन पर मामले दर्ज है। आम आदमी पार्टी ने 58 ऐसे प्रत्याशियों को टिकट दिया, जिन पर मामले दर्ज हैं। भाजपा के 71 में से 27 पर मामला दर्ज हैं। कांग्रेस के 117 में से 16 पर आपराधिक मामला दर्ज हैं। इस तरह से देखा जाए तो कांग्रेस में सबसे कम ऐसे प्रत्याशी हैं, जिनके खिलाफ कोई मामला दर्ज है। 

एडीआर के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले विधानसभा चुनाव में कुल उम्मीदवार 1145 थे। इसमें से मात्र 100 पर ही आपराधिक मामले दर्ज थे। सात प्रत्याशी ऐसे थे, जिन पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज था। चुनाव प्रचार के दौरान भले ही नेता खुद को आम आदमी दिखाने की पूरी कोशिश करते रहे हों, लेकिन हकीकत यह है कि अधिकतर पार्टियों के नेता करोड़पति हैं। 

अकाली दल में 93 प्रतिशत, भाजपा के 85 प्रतिशत करोड़पति

कांग्रेस नेताओं की औसतन संपत्ति 13.3 करोड़ रुपए है जो कि सबसे ज्यादा है। दूसरे नंबर पर अकाली दल है, इनके उम्मीदवारों की औसतन संपत्ति 12.7 करोड़, भाजपा के पास औसतन 7.7 करोड़, आम आदमी पार्टी के सात करोड़ रुपए की संपत्ति है। अकाली दल में 93 फीसदी उम्मीदवार करोड़पति हैं। कांग्रेस के 91 प्रतिशत उम्मीदवार करोड़पति हैं। मायावती की बीएसपी के 80 प्रतिशत उम्मीदवार करोड़पति हैं। मायावती ने 22 प्रत्याशियों को टिकट दिया है, इसमें से 16 करोड़पति क्लब में हैं। भाजपा ने 71 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे हैं, इसमें से 60 प्रत्याशी यानी की 85 प्रतिशत करोड़पति है। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस 27 में से 16 प्रत्याशी करोड़पति हैं। यानी 59 प्रतिशत प्रत्याशी करोड़पति हैं।

विवादित बयान रहे सुर्खियां

इस बार के चुनाव प्रचार में नेता अपने विवादित बयानों से भी खूब चर्चा में रहे। सबसे ज्यादा विवादित बयान कांग्रेस नेताओं की ओर से दिए गए। सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के यूपी और बिहार के लोगों को भइया बोलने का विवाद देशभर में सुर्खियों में रहा। बयान पर उन्होंने माफी मांग ली, लेकिन बिहार में उनके खिलाफ केस दर्ज कराया गया है।  इसी तरह से चुनाव प्रचार के शुरुआती दौर में पूर्व डीजीपी मोहम्मद मुस्तफा ने अपनी पत्नी और चन्नी सरकार की मंत्री रजिया सुल्ताना की रैली को संबोधित करते हुए हिंदुओं पर विवादित टिप्पणी की थी। आम आदमी पार्टी पर भी आरोप लगते रहे। सबसे ज्यादा आरोप अलगाववादियों के साथ संबंधों को लेकर लगे। कुमार विश्वास के वीडियो ने खूब तहलका मचाया। 

आप को बड़ी उम्मीद

कुल मिलाकर इस बार पंजाब का चुनाव एक अलग ही नैरेटिव सेट करता नजर आ रहा है। यह देखने वाली बात होगी कि कौन सा दल कुर्सी तक पहुंच पाता है। लेकिन एक बात तो साफ है कि आम आदमी पार्टी ने मतदाताओं पर जबरदस्त पकड़ बनाई है। आप का समर्थन ठोक बजा कर बोलता है। अब देखना यह होगा कि इस वोकल समर्थक को वोट में आप कैसे और कितना बदल पाती है? अकाली दल ने अपना कैडर संभाल कर रखा। 


Suggested News