लखीसराय में धार्मिक पर्यटन का बड़े स्तर पर होगा विकास, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा का बड़ा ऐलान
लखीसराय. उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने रविवार को कहा कि लखीसराय विधानसभा क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन का बड़े स्तर पर विकास होगा. बड़हिया के माता बाला त्रिपुर सुंदरी मंदिर सहित अशोक धाम और श्रृंगी ऋषि स्थान को धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना जल्द साकार होगी. बड़हिया के माता बाला त्रिपुर सुंदरी मंदिर में पूजा अर्चना करने पहुंचे विजय सिन्हा ने कहा कि इसे लेकर पर्यटन मंत्री के पास उन्होंने प्रस्ताव भेजा है. जल्द ही इसे क्रियान्वित कर लिया जाएगा. गौरतलब है कि माता बाला त्रिपुर सुंदरी मंदिर सहित अशोक धाम और श्रृंगी ऋषि स्थान तीनों ही विजय सिन्हा के विधानसभा क्षेत्र वाले जिले लखीसराय में आता है.
वहीं राजद सुप्रीमो लालू यादव के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परिवार को लेकर की गई टिप्पणी पर विजय सिन्हा ने जोरदार पलटवार किया. उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में लालू यादव को बिहार की जनता दिखाएगी कि मोदी का परिवार पूरा बिहार है. सभी 40 लोकसभा सीटों पर एनडीए को सफलता मिलेगी. लालू यादव को अब बिहार की जनता ही करार जवाब देगी कि पीएम मोदी का परिवार पूरा बिहार है. वहीं 140 करोड़ भारत के लोग को पीएम मोदी अपना परिवार मानते हैं और अब यह लोकसभा चुनाव में साबित होगा.
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर बरसते हुए उन्होंने टीएमसी सरकार को हिंदू विरोधी बताया. उन्होंने कहा कि आज बंगाल में सनातन के संतानों पर हमला हो रहा है. महिला, दलित, पिछड़ा वर्ग के लोग प्रताड़ित हो रहे है. ऐसे दल को अब लोकसभा चुनाव में जवाब मिलेगा. बंगाल में भाजपा का परचम लहरेगा.
विजय सिन्हा का बड़हिया के माता बाला त्रिपुर सुंदरी मंदिर पहुंचने पर अभिनंदन किया गया. उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना की.
लखीसराय से कमलेश की रिपोर्ट