राजस्व विभाग ने पटना के संपतचक CO को किया निलंबित, अवैध कार्यालय खोलकर करता था वसूली

पटना. संपतचक अंचल अधिकारी किशोर प्रसाद निराला को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने निलंबित कर दिया है। उन पर अवैध राशि वसूलने समेत कई आरोप है। आरोपी सीओ राजस्व कर्मी के साथ मिलकर सरकार कार्यालय के समानंतर अवैध कार्यालच चला रहा था और यहां अवैध रूप से दाखिल-खारिज करवाता था। इसकी पुष्टि होने पर उन पर कार्रवाई की गयी है।

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा जारी की गयी अधूसचना में बताया गया है कि पटना के संपतचक अंचल अधिकारी किशोर प्रसाद निराला के विरूद्ध अनाधिकृत रूप से कार्यालय के अतिरिक्त गोपनीय कार्यालय खोलकर अवैध रूप से राजस्व कर्मचारी एवं कार्यपालक सहायक की मिलीभगत से अवैध राशि की वसूली करने, दाखिल-खारिज तथा परिमार्जन के मामलों का ससमय निष्पादन नहीं करने के विरूद्ध कार्रवाई की गयी है और इन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की अनुशंसा की गयी है।

पटना डीएम द्वारा प्रतिवेदित गंभीर आरोपों एवं निलंबन की अनुशंसा के आलोक में अनुशासनिक प्राधिकार द्वारा   सीओ निराला को उनके पद से निलम्बित करने का निर्णय लिया गया है। निलम्बन अवधि के लिए निराला का पटना प्रमंडल के मुख्यालय में निर्धारित किया गया है। निलम्बन अवधि में निराला को बिहार सरकारी सेवक नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।