जहानाबाद में विजय सिंह के परिजनों से मिले सुशील मोदी, बोले- बर्बर लाठीचार्ज कर नीतीश कुमार ने अपनाया ममता का दमन मॉडल

JAHANABAD : मंगलवार को बीजेपी सांसद और पूर्व उपमुख्यमंत्री जहानाबाद जिले के कल्पा गांव पहुंचे। मृतक विजय सिंह के परिजनों से उन्होंने मुलाकात की और उन्हें ढाढस बंधाया। सुशील मोदी ने कहा कि बीजेपी ने अनुमति लेकर मार्च निकाला था लेकिन नीतीश कुमार विपक्षी कार्यकर्ताओं को पुलिस की लाठी से डराना चाहते हैं। लाठीचार्ज से भाजपा कार्यकर्ता विजय सिंह की मृत्यु पर पुलिस झूठ बोल रही है और राजद-जदयू के लोग उसी को सही बता रहे हैं। पटना के एसएसपी का यह बयान गलत है कि अनुमति केवल सभा करने की थी।
उन्होंने कहा कि विधानसभा मार्च के दौरान न एक पत्थर चला, न कहीं तोड़फोड़ हुई और न प्रदर्शनकारियों ने किसी पर हमला किया। इसके बावजूद बिना किसी उकसावे के पुलिस ने बर्बर लाठीचार्ज किया।
पार्टी विजय सिंह के परिवार के साथ
भाजपा सांसद सुशील मोदी ने कहा कि पार्टी अपने जिला के महामंत्री दिवंगत विजय सिंह के परिजनों के साथ हर दुख और सुख में खड़ी है। रघुवर दास, विजय सिन्हा और सम्राट चौधरी ने मुलाकात किया था। पार्टी के तरफ से मिलने वाली सहायता दी गई है। आगे भी परिवार की जरूरतों को बीजेपी पूरा करेगी।