जुलूस के दौरान हाईटेंशन तार से सटा ताजिया, करंट लगने से ताजिया पकड़कर चल रहे चार लोगों की मौत

BOKARO : मुहर्रम पर निकले ताजिया जुलूस के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। ताजिया की ज्यादा ऊंचाई के कारण वह ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। जिसके कारण ताजिया में तेज करंट का झटका लगा। जिसमें ताजिया उठाकर चल रहे चार लोगों की करंट से मौत हो गई। वहीं आठ लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

 घायलों में एक की हालत अति गंभीर है। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। घटना के बाद सभी घायलों को आनन-फानन में बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद सभी को बोकारो रेफर कर दिया।

ताजिया घूमाने के दौरान हादसा

घटना के बारे में खेतको मुखिया शब्बीर अंसारी ने बताया कि सुबह करीब साढ़े पांच बजे ऊपरदरगाह टोला में मिलन के लिए ताजिया घुमाया जा रहा था। ताजिया घुमाने के क्रम में ऊपर से जा रहे 11 हजार के हाई टेंशन तार से सट गया। जोरदार आवाज के साथ कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए।

Nsmch
NIHER

अस्पताल में नहीं थी एंबुलेंस की सुविधा

अस्पताल में एंबुलेंस नहीं रहने की वजह से घायलों के स्वजन ने जमकर हंगामा किया, जिसके बाद सभी अपने-अपने साधन से बोकारो बीजीएच पहुंचे। यहां सभी का इलाज चल रहा है, जिसमें एक की हालत चिंताजनक बनी हुई है।अस्पताल में घायलों के स्वजन सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंचे हैं।

शिव मंदिर के पास होता है ताजियों का मिलन

मुखिया ने बताया कि खेतको शिव मंदिर के पास चार ताजिया का मिलन होता है, जो विभिन्न जगहों से घूमते हुए शिव मंदिर के पास मिलन को पहुंचता है। यहां पहुंचने वाले में दरगाह टोला, पारटांड़, नीचे मोहल्ला व ऊपरदरगाह टोला का ताजिया मिलता है, जिसमें ऊपरदरगाह टोला में हादसा हो गया है। 

मृतकों और घायलों के नाम

मृतकों की पहचान आसिफ रजा (21 वर्ष), एनामुल रब (35 वर्ष), गुलाम हुसैन (18 वर्ष) औरसाजिद अंसारी (18 वर्ष) के रूप में की गई है। वहीं, सालुद्दीन अंसारी, इब्राहिम अंसारी, लाल मोहमद, फिरदौस अंसारी, मेहताब अंसारी, आरिफ अंसारी, शहबाज अंसारी, मोजोबिल अंसारी और साकिब अंसारीका इलाज बोकारो जनरल अस्पताल में चल रहा है।