कम दहेज देने पर दुल्हन ने किया शादी से इनकार, दूल्हे ने पुलिस में लिखवाई रिपोर्ट

KANPUR : आम तौर पर यह देखा जाता है दहेज नहीं देने पर दूल्हा पक्ष के लोग शादी करने से इनकार कर देते हैं, लेकिन कानपुर में इसका उल्टा हो गया। यहां बारात द्वार पर पहुंच चुकी थी। लेकिन शादी सिर्फ इसलिए नहीं हो सकी,क्योंकि दुल्हन दहेज देने की मांग पर अड़ गई। जिसके बाद खूब हंगामा हुआ, पुलिस को भी दखल देना पड़ा, लेकिन इसका फायदा नहीं हुआ और बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई।
मामला यूपी के कानपुर देहात से जुड़ा है। मानपुर गांव के लाला राम के बेटे कृष्ण मुरारी की शादी सिकंदरा थाना क्षेत्र में तय हुई थी। शादी 29 अप्रैल को होनी थी, लेकिन लड़की के दहेज मांगने पर बारात वापस लौट गई। कृष्ण मुरारी ने बताया कि शादी बिना दहेज के तय हुई थी। पहले लड़की वालों ने हमसे कोई जेवर या किसी सामान की मांग नहीं की थी।
बारात लड़की वालों के यहां पहुंची तो पहले हमारा खूब आदर-सत्कार किया। बाद में वरमाला की रस्म हुई और लकड़ी अपने कमरे में चली गई। बाद में दुल्हन को फेरे के लिए बुलाया गया।
ज्यादा जेवर चढ़ाने की कर रही थी मांग
दुल्हन को देने के लिए जैसे ही हमने जेवर सामने रखे, बस बात वहीं बिगड़ गई। लड़की कम जेवर लाने पर नजर हो गई और कहने लगी कि इतने कम दहेज में मैं शादी नहीं करूंगी। मेरे परिवार के लोगों ने काफी समझाया, लेकिन वह नहीं मानी। लड़की के भाई और भाभी भी उसका साथ दे रहे थे। वह भी बोल रहे थे कि शादी तभी होगी जब ज्यादा जेवर लाओगे, नहीं तो बारात वापस ले जाओ। इसके बाद हमने उन्हें काफी समझाया, लेकिन बात नहीं बनी।
बारातियों संग थाने पहुंचा दूल्हा
दूल्हा बारातियों को लेकर सिकंदरा थाने पहुंच गया। वहां उसने पुलिस को दहेज की मांग और शादी से इनकार की बात बताई। पुलिस ने लड़की पक्ष को भी थाने में बुलाया। इसके बाद दोनों पक्षों को बैठाकर बातचीत की गई। लेकिन लड़की ने किसी की बात नहीं मानी और शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद दूल्हा बिना दुल्हन के बारात वापस लेकर लौट गया।