बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्राया गया का बालू घाट, उपद्रवियों ने दो पोकलेन मशीन में लगाई आग, सीमा विवाद में उलझी पुलिस

गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्राया गया का बालू घाट, उपद्रवियों ने दो पोकलेन मशीन में लगाई आग, सीमा विवाद में उलझी पुलिस

GAYA : गया और नवादा जिले के सीमा पर स्थित दरियापुर मालती में बड़ी घटना सामने आई है। जहाँ बालू के विवाद में एक पक्ष के उपद्रवी तत्वों ने बालू उठाव में लगे दो पोकलेन मशीनों को आग के हवाले कर दिया है। वहीं पोकलेन मशीन के चालक भी लापता बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी के बाद अतरी थाना की पुलिस घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। जलाए गए पोकलेन मशीन की कीमत करीब एक करोड़ रूपये बताई जा रही है। 

जबरन बालू उठाव के विरोध का मामला  

मिली जानकारी के अनुसार दरियापुर मालती बालू घाट का टेंडर है। जिसके नाम से टेंडर है, उसकी निगरानी में यहां बालू का उठाव किया जा रहा है। लेकिन दूसरे पक्ष के लोग इस बालू घाट से जबरन बालू का उठाव करना चाह रहे थे। इसी को लेकर विवाद शुरू हो गया।

दर्जनों राउंड चली गोलियां, फिर पोकलेन को फूंका

सूत्रों के मुताबिक विवाद ने शुक्रवार की रात को काफी तूल पकड़ लिया। जबरन बालू का उठाव करने पर तुले लोगों का विरोध किया गया तो बालू के टेंंडर पर कार्यरत लोगों पर हमला कर दिया गया। देखते-देखते जमकर गोलियां चलने लगी। करीब एक सौ राउंड गोलियां चलने की सूचना है। इस क्रम में बालू उठाव में लगे दो पोकलेन मशीनों को आग के हवाले कर दिया गया। इस घटना के बीच मौके पर टेंडर वाले पक्ष में काम कर रहे लोगों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। वे किसी तरह अपनी जान बचाकर भाग रहे थे। वहीं अब तक पोकलेन मशीन के चालक का कोई पता नहीं चल सका है। मौके पर रहे ठेकेदार इस घटना को लेकर कुछ भी बताने से परहेज रख रहे हैं। हालांकि इनके द्वारा कहा जा रहा था कि पोकलेन मशीन के चालक अभी तक नहीं मिले हैं। 

पुलिस को दी गई सूचना

इस तरह की घटना होने के बाद इसकी सूचना अतरी थाना की पुलिस को दी गई है। दरियापुर मालती का इलाका गया के अतरी थाना और नवादा जिले के हिसुआ थाना के बॉर्डर पर स्थित है. सीमांकन को लेकर भी हिसुआ और अतरी थाना की पुलिस के बीच अभी तक सस्पेंस बरकरार है। हालांकि सूचना मिलने के बाद अतरी थाना की पुलिस घटनास्थल के लिए रवाना हो गई थी। 

वरीय अधिकारियों को दी गई सूचना

इस संबंध में अतरी थाना के थानाध्यक्ष दिवाकर कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि यह घटना दरियापुर मालती गांव में हुई है। बालू के विवाद में इसे अंजाम दिया गया है। यहां पर बीती रात को फायरिंग हुई है। वहीं दो पोकलेन मशीन को आग के हवाले किया गया है। अतरी पुलिस घटनास्थल के लिए रवाना हुई है। लेकिन सीमांकन स्पष्ट नहीं हो सका है। वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई है। 

गया से मनोज कुमार की रिपोर्ट

Suggested News