नई शिक्षक नियमावली के खिलाफ बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ का सत्याग्रह 11 वें दिन भी रहा जारी, 10 जून से भितिहरवा से जन जागरण अभियान की होगी शुरुआत

PATNA : बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ द्वारा अध्यापक नियमावली 2023 के विरोध में आहूत सत्याग्रह/धरना राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में ग्यारहवें दिन भी शांतिपूर्वक जारी रहा। इस मौके पर बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह एवं महासचिव सह पूर्व सांसद शत्रुघ्न प्रसाद सिंह ने कहा कि राज्यकर्मी का दर्जा पाना शिक्षकों का वाजिब हक है। अपनी मांगों के लिए राज्य भर के शिक्षक अग्निवर्षा के बीच अग्नि परीक्षा दे रहे हैं। यह परीक्षा निष्फल नहीं जायेगी।
शत्रुघ्न प्रसाद सिंह ने कहा कि हम लंबे संघर्षों के लिए तैयार हैं। हमारे पास संघर्षों के कार्यक्रम हैं। ग्रीष्मावकाश के दरम्यान शिक्षक राज्य भर में हस्ताक्षर अभियान चलायेंगे। जनता और जन प्रतिनिधियों से उनके लेटर पैड पर उनका समर्थन प्राप्त करेंगे और मुख्यमंत्री को प्रेषित करेंगे।
शत्रुघ्न प्रसाद सिंह ने कहा कि हम गांधी के मार्गों का अनुसरण करते हुए लोकतांत्रिक संघर्षों में यकीन करते हैं। इसलिए हमारे संघर्षों का चौथा चरण राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की कर्मभूमि व तपोभूमि भितिहरवा, पश्चिम चंपारण से 10 जून, 2023 से जन जागरण अभियान के रूप में आरंभ होगा।
शत्रुघ्न प्रसाद सिंह ने कहा कि शिक्षकों से बातचीत बंद करना सरकार का सही निर्णय नहीं है। शिक्षकों की समस्या का समाधान करना सरकार की जवाबदेही है। किसी भी जनतांत्रिक व्यवस्था में संवादहीनता की ऐसी स्थिति उत्पन्न करना उचित नहीं है। हम अंतिम दम तक सरकार के साथ संवाद कायम करने और शिक्षकों की उचित मांगों की लड़ाई लड़ेंगे।