पटना सिटी में नहीं थम रहा हत्याओं को दौर, कुख्यात बदमाश को घर के सामने बेखौफ अपराधियों ने ठोका, सीने में उतारी ताबड़तोड़ 6 गोलियां

पटना सिटी में नहीं थम रहा हत्याओं को दौर, कुख्यात बदमाश को घ

PATNA: बिहार में अपराधियों का बोलबाला है। अपराधी एक के बाद एक अपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस एक घटना का खुलासा करती तब तक अपराधी कई घटनाओं को अंजाम दे दे रहे हैं। पटना सिटी में भी हत्याओं का दौर लगातार जारी है। ताजा मामला पटना सिटी के बेलगांव का है। जहां एक कुख्यात की अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस फिलहाल इस मामले में जांच कर रही है। 

दरअसल, पूरा मामला पटना सिटी इलाके के सुलतानगंज थाना क्षेत्र स्थित रानी घाट का है। जहां एक व्यक्ति को पांच की संख्या में आए अपराधियों ने घर के गेट के पास ही ताबड़तोड़ 5 से 6 गोलियां सीने में दाग कर मौत के घाट उतार दिया है। मृतक व्यक्ति का नाम शंकर वर्मा बताया जा रहा है। जिसका पुराना अपराधिक इतिहास रहा है। मृतक पर दर्जनों मामले पटना के कई थानों में दर्ज है।

इस घटना की जानकारी देते हुए सदर एएसपी सरथ आर एस ने बताया कि मृतक का पुराना अपराधिक इतिहास रहा है। इसपर सुल्तानगंज ,पीरबहोर ,गांधी मैदान और कंकड़बाग थाने में दर्जनों मामले दर्ज हैं। मृतक 18 बार जेल जा चुका है। फिलहाल घटना के असल कारणों की जांच की जा रही है।

घटना रविवार के साढ़े आठ बजे के करीब का बताया जा रहा है। 9 बजे सुल्तानगंज थाने को घटना की सूचना मिली जिसके बाद घटना स्थल से घायल व्यक्ति को pmch लाया गया। जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हुई है। पुलिस घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी को खंगाल रही है। वहीं मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। 

पटना से अनिल की रिपोर्ट