कुएं से मिला युवक का जला हुआ शव : 4 महीने पहले हुई थी शादी, पिता ने बहू पर लगाए अवैध संबंध व हत्या के गंभीर आरोप
नवादा जिले में बीते 28 सितंबर से लापता युवक की कुएं से जला हुआ शव बरामद हुआ है। मृतक के पिता ने अपनी ही बहू पर अवैध संबंध को लेकर उसकी हत्या कराए जाने का गंभीर आरोप लगाया है......
Nawada : जिले के परनाडाबर थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदवारा गांव (कृष्णानगर) से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक कुएं से 21 वर्षीय युवक सोफी चौहान का बुरी तरह जला हुआ शव बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद मृतक के पिता महेंद्र चौहान ने अपनी बहू स्वीटी कुमारी और उसके परिजनों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पिता का दावा है कि अवैध संबंधों को लेकर शादी के मात्र 15 दिनों बाद से ही पति-पत्नी के बीच अनबन और विवाद शुरू हो गया था।
26 मई को हुई थी शादी, रक्षाबंधन के बाद मायके से न लौटने पर बढ़ा विवाद
परिजनों के अनुसार, सोफी चौहान की शादी हिंदू रीति-रिवाज के साथ इसी वर्ष 26 मई 2026 को स्वीटी कुमारी के साथ हुई थी। पिता महेंद्र चौहान का आरोप है कि उनकी बहू किसी अन्य युवक से फोन पर लगातार बातचीत करती थी, जिसका सोफी विरोध करता था। रक्षाबंधन के बाद पत्नी अपने मायके चली गई और वापस आने से इनकार कर दिया। परिजनों का दावा है कि जब सोफी अपनी पत्नी को लिवाने मायके गया, तो ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा उसे जान से मारने की धमकियां दी गईं।
28 सितंबर से लापता था युवक, चेचिस व नंबर प्लेट घिसी हुई बाइक बरामद
पुलिस जांच के अनुसार, सोफी 28 सितंबर की सुबह करीब 9 बजे अपने घर से निकला था, लेकिन दोपहर 3 बजे के बाद से उसका मोबाइल फोन लगातार बंद आने लगा। इसके बाद परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार को कुएं से उसका अधजला शव बरामद हुआ। घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर पुलिस ने युवक की बाइक भी बरामद की है, जिसका नंबर प्लेट और चेचिस नंबर जानबूझकर घिसकर मिटाने का प्रयास किया गया है, जिससे साजिश के तहत हत्या की आशंका गहरा गई है।
एसपी अभिनव धीमान के निर्देश पर SIT गठित, FSL ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए नवादा एसपी अभिनव धीमान ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) और जिला पुलिस की तकनीकी इकाई ने मौके पर पहुंचकर महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य व नमूने एकत्र किए हैं। घटना की जानकारी देते हुए आईपीएस अधिकारी केतन अशोक इंगोले ने बताया कि परिजनों ने शव की पहचान कर ली है और पुलिस हर संभावित कोण से बारीकी से जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट व तकनीकी अनुसंधान से होगा मौत के कारणों का खुलासा: IPS केतन अशोक इंगोले
आईपीएस केतन अशोक इंगोले ने मीडिया को बताया कि युवक की हत्या किन परिस्थितियों में की गई, साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को जलाकर कुएं में क्यों फेंका गया और इसमें कौन-कौन शामिल हैं, इसका सटीक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस अनुसंधान पूरा होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस परिजनों के बयान के आधार पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही है।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट