पहली बार हुआ ऐसा! भारत की बेटियों ने विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप में देश को दिलाया पहला गोल्ड

DESK : विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप 2023 में भारत की बेटियों ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। तीरंदाजी के कंपाउंड इवेंट में भारतीय तीरंदाज बेटियों ने देश का झंडा फहराया। परनीत कौर, अदिति गोपीचंद स्वामी और ज्योति सुरेशा वेन्नम की महिला टीम ने बर्लिन में फाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त मेक्सिको को 235-229 को हरा दिया। इस तरह भारत ने विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप में पहला गोल्डपदक जीतकर इतिहास रच दिया। यह किसी भी वर्ग में तीरंदाजी विश्व चैंपियनशिप में भारत का पहला गोल्ड था। पीएम मोदी ने भी इन सभी खिलाड़ियों को बधाई दी है।
शुक्रवार को बर्लिन (जर्मनी) में विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप 2023 में ज्योति सुरेखा वेन्नम, परनीत कौर और अदिति गोपीचंद स्वामी की भारतीय महिला कंपाउंड टीम ने गोल्ड मेडल पर कब्जा करने में कामयाबी दर्ज की। भारतीय तिकड़ी ने फाइनल में मैक्सिको की टीम में शामिल डैफने क्विंटेरो, एना सोफिया हर्नांडेज जियोन और एंड्रिया बेसेरा को 235-229 से हराया। सेमीफाइनल में दूसरी वरीयता प्राप्त भारतीय बेटियों ने गत चैंपियन कोलंबिया को 220-216 से शिकस्त दी थी।
कभी नहीं जीता गोल्ड
ओलंपिक डॉट कॉम पर जो जानकारी है, उसके मुताबिक- भारतीय महिला कंपाउंड टीम ने पहले दौर में बाई मिलने के बाद क्रमशः क्वार्टर फाइनल और प्री-क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे और तुर्की को हराया था। वहीं बर्लिन में हुए इस इवेंट से पहले भारत ने विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप में 11 पदक जीते थे, इनमें नौ सिल्वर और दो ब्रॉन्ज मेडल शामिल थे।
प्रधानमंत्री ने दी बधाई
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश का नाम रोशन करने वालीं इन खिलाड़ियो को ट्ववीट कर बधाई दी. पीएम मोदी ने अपने ट्ववीट में लिखा, " भारत के लिए यह गर्व का क्षण है, हमारी असाधारण कंपाउंड महिला टीम ने बर्लिन में आयोजित विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाया. हमारे चैंपियंस को बधाई! उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण के कारण यह उत्कृष्ट परिणाम आया है."