आज देश मना रहा है अपनी आजादी का 75वां सालगिरह, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नौंवी बार लाल किले से फहराएंगे तिरंगा

PATNA : भारत सोमवार को अपनी आजादी का 75वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। आज के दिन ही 1947 में भारत ने दो सौ साल तक अंग्रेजी शासन से मुक्ति पाई थी। आज आजादी के 75 सा पूरे होने पर देश अमृत महोत्सव मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मौके को खास बनाने के लिए देश के लोगों से अपील की है कि अपने घर, दुकानों में तिरंगा लगाएं। वहीं, यह लगातार 9वीं बार होगा जब खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले से तिरंगा फहराएंगे। संभावनाएं जताई जा रही हैं कि इस दौरान पीएम मोदी देश के नाम कई बड़ी घोषणाएं कर सकते हैं। इससे पहले रविवार को उन्होंने विभीषिका स्मृति दिवस पर विभाजन के दौरान जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी थी।
करीब 7 बजे शुरू होगा स्वतंत्रता दिवस समारोह
हर साल की तरह लाल किले पर आयोजित होने वाला स्वतंत्रता दिवस समारोह इस बार भी धूमधाम से मनाया जाएगा। समारोह की शुरुआत सुबह करीब 7 बजे होगी। इस दौरान सेना के दिल्ली एरिया के जीओसी का आगमन होगा। जानकारी के अनुसार लाल किले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगमन 7 बजकर 18 मिनट पर होगा।
देश भर में कड़ी सुरक्षा के इंतजाम
स्वतंत्रता दिवस समारोह को निर्विघ्न धूमधाम से मनाने के लिए पूरे देश में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली से लेकर जम्मू-कश्मीर तक सुरक्षा चाकचौबंद रहेगी। स्वतंत्रता दिवस समारोह में कोई बाधा न आए इसके लिए राज्यों में पुलिस तंत्र को सतर्क कर दिया गया है। दिल्ली में जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करेंगे उसकी सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस की ओर से 10,000 से अधिक जवानों को तैनात किया गया है।
आम से खास तक सभी मना रहे हैं जश्न
आजादी के अमृत महोत्सव को लेकर पूरे देश में उत्साह का माहौल है। जहां लाखों लोग अपने घर में तिरंगा लगाकर इस दिन को खास बना रहे हैं। वहीं इसके साथ ही रात से ही सोशल मीडिया पर लोग एक दूसरे स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दे रहे हैं। यहां तक कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने भी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी हैं।