लखीसराय में परिवहन मंत्री ने डीएम सहित अधिकारियों के साथ की बैठक, संभावित बाढ़ को लेकर दिए कई निर्देश

LAKHISARAI : जिला पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार के द्वारा परिवहन मंत्री शीला कुमारी का आज जिले में स्वागत पुष्पगुच्छ देकर किया गया। तत्पश्चात बैठक की कार्यवाही शुरू की गई। सर्वप्रथम जिला पदाधिकारी द्वारा वित्तीय वर्ष 2021 एवं 2022 में बाढ़ एवं सूखा से बचाव हेतु किए गए कार्यों के बारे में बताया गया तथा आगामी 2023 के बाढ़ से बचाव हेतु आवश्यक तैयारी के बारे बताया गया। जिला पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि जिले में 4 प्रखंड 22 पंचायत के 77 गांव प्रभावित हैं।
इस ज़िले में कुल नांव की संख्या 62 है। जिसमें 11 नांव मरम्मत योग्य है। मंत्री शीला मंडल द्वारा सभी मरम्मत योग्य नावों तुरंत मरम्मत कराने का निर्देश संबंधित अंचलाधिकारी को दिया गया एवं पिपरिया प्रखंड में नावों की संख्या बढ़ाने का भी निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि जिले के वायर हाउस में 2 महाजाल है जिसमें से एक मुंगेर जिले को दिया गया था एवं जिला में 33 प्रशिक्षित गोताखोर है। मंत्री द्वारा तत्काल मुंगेर जिले से महाजाल वापस मंगाने का निर्देश दिया गया एवं सभी गोताखोरों के साथ बैठक कर मोबाइल नंबर संकलित करने का निर्देश दिया। ताकि बाढ़ के समय उनसे संपर्क किया जा सके।
जिला पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि जिला में 29 निजी जाल, 161 लाइफ जैकेट एवं 8813 पालिथीन है। मंत्री शीला मंडल द्वारा इस संबंध में संतोष व्यक्त किया गया एवं निर्देश दिया गया कि पालिथीन के चारों तरफ छेद बाढ़ पूर्व करवा लें ताकि सुविधानुसार उपयोग किया जा सके। जिला पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि जिला में 55 शरण स्थल का चयन किया गया है एवं 49 कम्युनिटी किचन का चयन किया गया है। जिला में 23 प्रकार के दवाईयां मौजूद हैं इनके वितरण हेतु 5 मेडिकल टीम का गठन किया गया है। जिले में कुल 181 आपदा मित्र हैं जिनका प्रशिक्षण विभाग द्वारा दिया गया है।
जिला पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि इनका उपयोग किस प्रकार किया जाए। इस संबंध मे विभाग से पत्राचार किया गया है। एन डी आर एफ टीम द्वारा बताया गया कि जिले में माॅक ड्रिल किया गया है। जिला पदाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि सभी प्रखंडों में भी मॉक डिल कराया जाय। जिला पशुपालन पदाधिकारी द्वारा बताया गया पशु चारा की पर्याप्त व्यवस्था है। मंत्री शीला मंडल के द्वारा निर्देश दिया गया कि पशुओं के पानी पीने के लिए पानी की व्यवस्था एवं आम जनों के लिए भी पीने की पानी की व्यवस्था करने हेतु जिला पदाधिकारी को निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि जिले में प्रत्येक सप्ताह जिला स्तरीय टास्क फोर्स का बैठक किया जा रहा है। आगे आवश्यकता अनुसार प्रतिदिन टास्क फोर्स का बैठक किया जाएगा। अन्य सभी विभागो की समीक्षा में भी मंत्री शीला मंडल के द्वारा संतोष व्यक्त किया गया एवं सभी को आगामी बाढ़ के मद्देनजर आवश्यक निर्देश दिया गया।
लखीसराय से कमलेश की रिपोर्ट