केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने नीतीश कुमार पर साधा निशाना, कहा- इनके राज्य में कोई अधिकार मांगे तो मिलते हैं....

कटिहार में पिछले दिनों हुई गोलीकांड को लेकर बिहार की राजनीति गरमाई हुई है। विपक्ष इस मामले को लेकर लगातार सरकार पर निशाना साध रही है। विपक्ष सरकार पर कई आरोप लगा रहे हैं। इसी क्रम में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का बयान सामने आया है। गिरिराज सिंह ने नीतीश कुमार पर खूब बरसे हैं। उन्होंने कहा कि नीतिश कुमार धृतराष्ट्र की भूमिका में आ गए हैं। सत्ता की गद्दी पर भी वहीं बैठे हैं। युवराज उनके बगल में है। लेकिन जब कोई उनके खिलाफ आवाज उठाता है तो उसे गोली से मारवाते हैं।
दरअसल, गिरिराज सिंह ने कहा कि, "नितीश बाबू धृतराष्ट्र की भूमिका में है, सत्ता की गद्दी पर भी वहीं बैठे हैं, युवराज उनके बगल में हैं। लेकिन जब शिक्षक नौकरी मांगते हैं तो वह उनको लाठी से पिटवाते हैं,कोई बिजली मांगता है तो उसको गोलियों से भुनवाते हैं, कोई अनुसूचित समाज की बेटी अपना अधिकार मांगती है तो उसे निर्वस्त्र किया जाता है, उसे अपमानित किया जाता है।"
उन्होंने कहा कि आज बिहार में जिस जंगलराज के खात्मे के बाद नीतीश कुमार का उदय हुआ, उसके बाद उन्हें ही बड़े सौभाग्य से यह दुर्भाग्य प्राप्त हुआ है कि उनके राज में फिर से जंगलराज का स्थापना हुआ है। उनके मंत्रियों ने जिस ढंग से कहा है कि जो करेगा वह गोली खाएगा, यानी उनके राज्य में कोई अपना अधिकार ना मांगे।
वहीं, राज्यपाल के द्वारा दिए गए भोज का विरोध करने पर गिरिराज सिंह ने कहा कि सत्तापक्ष के लोग विपक्ष के साथ बैठकर बात करते हैं,इससे एक दूसरे को जानने और समझने का मौक़ा मिलता है। भोजन पर मिलना बातचीत का साधन था लेकिन विपक्ष ने भोज का बहिष्कार कर दिया है। इससे साफ पता चल रहा कि, विपक्ष को लोकतंत्र में भरोसा नहीं है।