बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

पूर्णिया में मरी मुर्गियों को लेकर एसपी कार्यालय पहुंची महिला, पड़ोसियों पर जहर देकर मारने का लगाया आरोप

पूर्णिया में मरी मुर्गियों को लेकर एसपी कार्यालय पहुंची महिला, पड़ोसियों पर जहर देकर मारने का लगाया आरोप

PURNEA : पूर्णिया में शुक्रवार को एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। जहां मुर्गियों के मारे जाने से जुड़ा फरियाद सुनने पर जब थानेदार ने साफ इनकार कर दिया, तो न्याय की आस में महिला उन मरी हुई मुर्गियों को लेकर सीधे एसपी आमिर जावेद के पास चली आई। एक हाथ में आवेदन और दूसरे हाथ में मरी हुई मुर्गियां लिए जिले के पुलिस कप्तान से मिलने पहुंची इस महिला पर जिस किसी की नजर पड़ी। वह एक टक महिला को देखता रह गया। महिला ने अपने ही पड़ोसी पर 2 बकरी और 24 मुर्गियों की हत्या का आरोप लगाया है। मामला डगरूआ थाना क्षेत्र के बछरदोह गांव से जुड़ा है। महिला डगरूआ थाना क्षेत्र के मझगामा पंचायत के बछरदोह गांव निवासी वैश आलम की 60 वर्षीय पत्नी अजमेरी खातून के रूप में हुई है। 

घटना की जानकारी देते हुए पीड़िता अजमेरी खातून ने बताया कि करीब 12 साल पहले उनके बेटे की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। हत्या का आरोप गांव में ही रहने वाले पड़ोसी मो नुमान और उसके बेटे मो सनफराज के ऊपर लगाया था। दोनों से उनका जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी में उनके बेटे की हत्या कर दी गई थी। इसे लेकर डगरूआ थाना में हत्या का केस भी उनके ऊपर किया था। ये केस कोर्ट में चल रहा है। 

इसी के खुन्नस और जमीनी विवाद को लेकर उनके पड़ोसी मो नुमान और उसके बेटे मो सनफराज ने करीब 3 दिन पहले चारे में जहर मिलाकर बकरियों को मिलाकर पिला दिया। जिससे उनके बकरियों की मौत हो गई। झगड़े के डर से तब वह शांत रह गईं। इसके बाद एक से दो दिन में पड़ोसी ने दाने में जहर मिलाकर उनके सभी मुर्गियों को खिला दिया। जिससे उनकी 24 मुर्गियां मर गई। ये सभी मुर्गियां अंडा देने वाली थी। बेटे की हत्या के बाद पति बीमार रहने लगे। जिसके बाद वे मुर्गियों का अंडा बेचकर ही घर का गुजारा करती थी। 

महिला का आरोप है कि जब वे मुर्गियों के मारे जाने की शिकायत लिए स्थानीय डगरूआ थाना पहुंची, तो थानेदार ने उनकी फरियाद सुनने से ही साफ इनकार कर दिया। जिसके बाद थक हारकर उन्हें आवेदन और मरी हुई मुर्गियां लेकर एसपी आमिर जावेद से मिलने आना पड़ा। महिला झोले में मरी हुई 4 मुर्गियां लेकर एसपी आमिर जावेद से न्याय की गुहार लगाने पहुंची।

पूर्णिया से अंकित कुमार झा की रिपोर्ट

Suggested News