नवादा में नगर निकाय चुनाव के प्रथम चरण का मतदान खत्म, पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

NAWADA : नवादा में नगर निकाय के प्रथम चरण का मतदान शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया। नगर परिषद नवादा में 49.64%, वारिसलीगंज में 61.43% एवं रजौली में 60.53% मतदान हुआ। पुरुषों की तुलना में महिला मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर मतदान किया। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ देखी गई। ठंड के बावजूद भी मतदाताओं का उत्साह चरम था। लोगों ने लोकतंत्र के महापर्व को उमंग और उत्साह के साथ मनाया। 


आपको बता दें कि चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। डीएम उदिता सिंह एवं एसपी डॉ गौरव मंगला सहित तमाम पदाधिकारी स्वयं बूथों का निरीक्षण करते देखे गए। वहीं मतदान केंद्रों के आसपास अव्यवस्था फैलाने के आरोप में कुल 40 असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार भी किया गया जिसमें 4 महिलाएं भी हैं।

मतदान समाप्ति के बाद नवादा नगर परिषद क्षेत्र में 49.64% मतदान हुआ, जिसमें पुरुष 48.69% और महिला 50.59% है। वहीं वारिसलीगंज नगर परिषद क्षेत्र में कुल 61.43% मतदान हुआ, जिसमें पुरुष 60.60% और महिला 62.26% है। जबकि रजौली नगर पंचायत में 60.55% मतदान हुआ, जिसमें पुरुष 61.16% और महिलाओं का 59.98% शामिल है। वही वार्ड नंबर 5 में भी छिटपुट घटना घटी है जहां पर प्रत्याशियों को भी गिरफ्तार किया गया है।

सदर एसडीओ उमेश कुमार भारती के द्वारा मोर्चा संभाला गया है। सभी प्रत्याशी की भाग ईवीएम में कैद हो गया है। बता दें कि जिले भर में 573 प्रत्याशी चुनाव के मैदान में है। लेकिन सबकी नजर मुख्य पार्षद पर टिकी है नवादा में मुख्य पार्षद में जबरदस्त टकराव वोटिंग के दौरान देखने को भी मिला है। इस बार लोगों ने विकास के मुद्दों पर बढ़-चढ़कर वोट किए हैं और परिवर्तन भी चाहते हैं। वोटिंग करने के दौरान वोटरों ने कहा कि परिवर्तन बहुत ही जरूरी है क्योंकि नवादा की विकास काफी अधूरी है।

नवादा से अमन सिन्हा की रिपोर्ट