Bihar Weather: 13 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट, पटना में छाए रहेंगे बादल,सितंबर के आखिरी हफ्ते तक मौसम दिखाएगा तेवर

Bihar Weather: मौसम विज्ञान केंद्र ने बिहार के 13 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

Bihar Weather Rain Alert
13 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट,- फोटो : social Media

Bihar Weather: मौसम विज्ञान केंद्र ने आज, शनिवार को बिहार के 13 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक कैमूर, रोहतास, बक्सर, भोजपुर, औरंगाबाद, अरवल, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में बारिश की संभावना है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने का भी अंदेशा जताया गया है।

राजधानी पटना में आज अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कुछ स्थानों पर बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। बीते 24 घंटे में आरा, सहरसा और खगड़िया में तेज बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम में नमी और उमस का असर बना हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार मानसून अब अपने अंतिम दौर में पहुंच चुका है। ऐसे में बारिश की जो कमी पूरे सीजन में रह गई है, उसे अब पूरी तरह पाट पाना मुश्किल है। यदि मानसून की गतिविधियां इसी तरह असमान रहीं तो राज्य में सामान्य से कम बारिश का असर कायम रह सकता है।

बिहार से मानसून की विदाई आम तौर पर अक्टूबर के पहले या दूसरे सप्ताह में होती है। इस साल भी सितंबर के अंतिम सप्ताह तक मौसम का मिजाज उतार-चढ़ाव भरा रहने और रुक-रुककर बारिश होने के आसार हैं। इसके बाद अक्टूबर के शुरुआती दिनों में मानसून के पूरी तरह विदा होने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के पूर्वानुमान के मुताबिक 19 सितंबर को पटना में बादल छाए रहेंगे, जबकि 22 सितंबर को फिर मौसम करवट ले सकता है। इस दौरान बादल छाने के साथ बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।