विश्व योग दिवस पर पहली बार बिहार विधानसभा में होगा योगा, योगासन में दिखेंगे मंत्री-विधायक
 
                    पटना. बिहार विधानसभा के अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा की पहल पर 21 जून को विश्व योग दिवस पर पहली बार बिहार विधानसभा परिसर में सुबह 6:30 बजे से 7:30 बजे तक योगाभ्यास का आयोजन किया जाएगा। इसमें बिहार सरकार के मंत्री, विधानसभा के सदस्य और पूर्व सदस्य तथा सचिवालय के पदाधिकारी और कर्मी योगा करेंगे।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मानव मन से नकारात्मक मानसिकता को हटाने में योग की बड़ी भूमिका है। योग मन के अंदर सकारात्मक भाव पैदा कर इसे सबल और स्वस्थ बनाता है। समाज में नकारात्मकता फैलाने वाले लोगों को इससे जोड़कर उन्हें सकारात्मक बनाने की आवश्यकता है। युग के वाहक-युवाओं को मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के लिये योग को उन्हें अपने जीवन शैली में शामिल करना होगा। योग हमारी प्राचीनतम समृद्ध विरासत है और पूरे विश्व को स्वस्थ रखने की सर्वोत्तम विधि है।
उन्होंने कहा कि आज दुनिया में योग का डंका बज रहा है। दुनिया के 176 देशों ने योग को अपनाया है। ऐसे में हमें भी अपने दैनिक जीवन में इसको शामिल कर स्वस्थ रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि योगाभ्यास करने से बिहार विधायिका अपने को तंदुरुस्त रख सकेगी और समाज के प्रति अपने उत्तरदायित्व को और भी संवेदनशीलता, निष्ठा, लगन और मजबूती से निभा सकेगी। उन्होंने अधिकाधिक संख्या में इस योगाभ्यास में भाग लेने की अपील सबसे की।
 
                 
                 
                 
                 
                 
                                         
                                         
                             
                             
                     
                     
         
                     
                     
                     
                    