बिहार में लाइब्रेरियन पात्रता परीक्षा 2026 का नोटिफिकेशन जारी, 1 अक्टूबर से आवेदन; जानें परीक्षा पैटर्न और योग्यता
विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 1 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 21 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा 2026 के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तारीखों के बीच ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। समिति के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने परीक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है।
विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 1 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 21 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के लिए समिति ने sletregistration.cbrt.co.in वेबसाइट निर्धारित की है।
150 अंकों की होगी परीक्षा
लाइब्रेरियन पात्रता परीक्षा में कुल 150 अंकों के प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें पुस्तकालय विज्ञान को अधिक वेटेज दिया गया है। 100 अंक के प्रश्न Library Science से होंगे, जबकि 50 अंक सामान्य ज्ञान से पूछे जाएंगे। परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) के माध्यम से आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए 150 मिनट यानी ढाई घंटे का समय मिलेगा। सभी प्रश्न बहुविकल्पीय यानी MCQ होंगे और प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी, यानी गलत उत्तर देने पर अंक नहीं काटे जाएंगे।
कौन कर सकता है आवेदन?
परीक्षा के लिए आवेदन करने वाला अभ्यर्थी बिहार का निवासी होना चाहिए। शैक्षणिक योग्यता के तौर पर स्नातक में कम से कम 45 प्रतिशत अंक होना जरूरी है। निर्धारित नियमों के तहत कुछ वर्गों को अंकों में 5 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी। इसके अलावा अभ्यर्थी के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से पुस्तकालय विज्ञान में स्नातक डिग्री होना अनिवार्य है।
सभी वर्गों को उम्र में 10 साल की छूट
विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा 2026 में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को उम्र सीमा में 10 वर्ष की विशेष छूट दी जाएगी। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले आयु संबंधी सभी नियमों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है।
स्नातक स्तर के पाठ्यक्रम पर आधारित होगा सिलेबस
परीक्षा का सिलेबस राज्य के मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालयों में पुस्तकालय विज्ञान की स्नातक डिग्री के लिए निर्धारित पाठ्यक्रम के आधार पर तैयार किया गया है। ऐसे में अभ्यर्थियों को Library Science के स्नातक स्तर के पाठ्यक्रम के अनुसार तैयारी करनी होगी।
परीक्षा में अलग-अलग श्रेणियों के लिए न्यूनतम qualifying marks निर्धारित किए गए हैं:
सामान्य वर्ग: 50 प्रतिशत
पिछड़ा वर्ग: 45.5 प्रतिशत
अत्यंत पिछड़ा वर्ग: 42.5 प्रतिशत
SC/ST: 40 प्रतिशत
दिव्यांग अभ्यर्थी: 40 प्रतिशत
महिला अभ्यर्थी: 40 प्रतिशत