पाकिस्तान को 19 रन से हराकर भारत ने किया कमाल, बरकरार रखा एशियन गेम्स का ताज, जीता 19वां गोल्ड

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 211 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। 212 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने संघर्ष किया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 192 रन ही बना

India vs Pakistan Asian Games 2026
India vs Pakistan Asian Games 2026- फोटो : news4nation

Asian Games 2026 :  भारत ने एशियन गेम्स 2026 में पाकिस्तान को हराकर क्रिकेट का गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है। शनिवार को निसिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए पुरुष क्रिकेट के फाइनल में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 19 रन से शिकस्त दी। इस जीत के साथ भारत ने एशियन गेम्स में क्रिकेट का अपना खिताब लगातार दूसरी बार बरकरार रखा और भारत के गोल्ड मेडल की संख्या 19 हो गई।


अभिषेक शर्मा ने मचाया तूफान

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 211 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की इस पारी की सबसे बड़ी खासियत अभिषेक शर्मा की तूफानी बल्लेबाजी रही। उन्होंने महज 28 गेंदों में 61 रन बनाए और पाकिस्तान के स्पिन गेंदबाजों पर जमकर प्रहार किया। अभिषेक ने अपनी पारी के दौरान महज 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। उनके साथ ईशान किशन ने 18 गेंदों में 20 और कप्तान श्रेयस अय्यर ने 24 गेंदों में 21 रन बनाए। हालांकि बीच के ओवरों में पाकिस्तान के स्पिनरों ने भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव बनाया।


तिलक वर्मा और शिवम दुबे ने किया जोरदार फिनिश

पारी के आखिरी हिस्से में तिलक वर्मा ने 22 गेंदों में नाबाद 51 रन बनाकर भारत के स्कोर को 200 के पार पहुंचाया। शिवम दुबे ने भी 15 गेंदों में 27 रन की तेज पारी खेली। दोनों की आक्रामक बल्लेबाजी ने भारत को 211 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।


हसन नवाज की 96 रन की पारी  

212 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने संघर्ष किया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 192 रन ही बना सकी। पाकिस्तान की ओर से हसन नवाज ने शानदार 96 रन की पारी खेली, लेकिन उनकी कोशिश टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सकी। भारत ने मुकाबला 19 रन से अपने नाम कर लिया।


महिला टीम ने भी जीता गोल्ड

एशियन गेम्स में भारत के लिए यह दोहरी खुशी का मौका है। इससे पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने भी अपना खिताब बरकरार रखते हुए श्रीलंका को 147 रन से हराकर गोल्ड मेडल जीता था। इस तरह एशियन गेम्स 2026 में भारत ने पुरुष और महिला दोनों क्रिकेट स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक अपने नाम किया है।


भारत ने इससे पहले 2023 के हांगझोउ एशियन गेम्स में भी पुरुष क्रिकेट का गोल्ड जीता था। उस फाइनल में अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबला बारिश के कारण पूरा नहीं हो सका था और भारत को बेहतर रैंकिंग के आधार पर विजेता घोषित किया गया था। इस बार भारत ने मैदान पर पाकिस्तान को हराकर गोल्ड अपने नाम किया और एशियन गेम्स में क्रिकेट के खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया।