बिहार के लाल वैभव सूर्यवंशी का पूरी दुनिया में छाया जलवा, 'TIME' ने दुनिया के भविष्य के 100 चेहरों में किया शामिल
दुनिया की प्रतिष्ठित पत्रिका TIME ने भविष्य के 100 प्रभावशाली चेहरों में बिहार के लाल वैभव सूर्यवंशी को शामिल कर एक खास संदेश दिया है. यह उनकी आयु के क्रिकेटरों में एक मात्र के नाम आई उपलब्धि है
Vaibhav Suryavanshi : बिहार के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को दुनिया की प्रतिष्ठित पत्रिका TIME ने भविष्य के 100 प्रभावशाली चेहरों में शामिल किया है। महज 15 साल की उम्र में वैश्विक क्रिकेट में अपनी पहचान बना चुके वैभव की प्रतिभा और तेजी से बढ़ते करियर को TIME ने विशेष रूप से रेखांकित किया है। पत्रिका के एडिटर-एट-लार्ज चार्ली कैंपबेल ने वैभव को भारतीय क्रिकेट का उभरता सितारा बताते हुए उनकी उपलब्धियों और आत्मविश्वास की चर्चा की है।
कम उम्र में पेशेवर क्रिकेट में कदम
TIME के मुताबिक, बिहार के एक छोटे से गांव से निकलकर वैभव सूर्यवंशी ने बेहद कम उम्र में पेशेवर क्रिकेट में कदम रखा। महज 12 साल की उम्र में पेशेवर क्रिकेट में पदार्पण करने के बाद उन्होंने अपनी प्रतिभा से लोगों का ध्यान खींचा। इसके बाद साल 2024 में उनके करियर ने उस समय नया मोड़ लिया, जब राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें IPL नीलामी में खरीदा। इसके साथ ही वैभव IPL इतिहास के सबसे कम उम्र के खिलाड़ियों में शामिल हो गए। आक्रामक बल्लेबाजी और आत्मविश्वास से भरे उनके अंदाज ने जल्द ही क्रिकेट जगत में चर्चा बटोरी।
IPL में बनाया उम्र का रिकॉर्ड
TIME ने वैभव की सबसे बड़ी उपलब्धियों में उनके IPL प्रदर्शन को भी प्रमुखता से जगह दी है। अप्रैल 2025 में, 14 साल की उम्र पूरी करने के कुछ ही समय बाद, वैभव ने IPL में इतिहास रच दिया। वह IPL इतिहास के सबसे कम उम्र में खेलने वाले खिलाड़ी बने और इसके साथ ही सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले बल्लेबाज का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। कम उम्र के बावजूद जिस तरह उन्होंने बड़े मंच पर आक्रामक बल्लेबाजी की, उसने उन्हें भारतीय क्रिकेट के सबसे चर्चित युवा चेहरों में ला खड़ा किया।
अंडर-19 विश्व कप में भी चमका सितारा
TIME के अनुसार, साल 2026 में वैभव की सफलता एक और ऊंचाई पर पहुंची, जब उन्होंने भारत को अंडर-19 विश्व कप जिताने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूरे टूर्नामेंट में उनके प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया। इसके कुछ ही महीनों बाद वैभव ने इंग्लैंड के खिलाफ भारत की सीनियर टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया। इस दौरान उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड पीछे छोड़ते हुए भारत के लिए सीनियर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बनने की उपलब्धि हासिल की।
आत्मविश्वास भी है पहचान
TIME ने वैभव की बल्लेबाजी के साथ उनके आत्मविश्वास को भी खास तौर पर रेखांकित किया है। वैभव के मुताबिक, मैदान पर वह जितनी देर टिके रहते हैं, अगर उसी दौरान दबदबे के साथ खेलते रहें तो मैच को विरोधी टीम के हाथों से छीना जा सकता है।
कौन हैं वैभव सूर्यवंशी?
वैभव सूर्यवंशी बिहार के समस्तीपुर जिले से आने वाले युवा बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। बेहद कम उम्र में क्रिकेट की दुनिया में पहचान बनाने वाले वैभव ने घरेलू क्रिकेट से लेकर IPL और भारतीय अंडर-19 टीम तक का सफर तेजी से तय किया है। राजस्थान रॉयल्स से IPL में खेलने के बाद उन्होंने कम उम्र में शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया। 2026 में अंडर-19 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया और इसके बाद सीनियर भारतीय टीम में भी जगह मिली। अब TIME की ‘भविष्य के 100 चेहरों’ की सूची में शामिल होकर उन्होंने बिहार के साथ-साथ भारतीय क्रिकेट को भी वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई है।