केवी सीआरपीएफ मोकामाघाट की अंडर-14 वॉलीबॉल टीम बनी चैंपियन, राष्ट्रीय स्तर पर जीता स्वर्ण पदक

केंद्रीय विद्यालय सीआरपीएफ मोकामाघाट (पटना संभाग) की अंडर-14 बालक वॉलीबॉल टीम ने झाँसी में आयोजित प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल करते हुए चैंपियन बनने का ख़िताब हासिल किया

KV CRPF Mokamaghat
KV CRPF Mokamaghat- फोटो : news4nation

Bihar News :   केंद्रीय विद्यालय सीआरपीएफ मोकामाघाट (पटना संभाग) की अंडर-14 बालक वॉलीबॉल टीम ने 55वें केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) राष्ट्रीय स्तर के वॉलीबॉल टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक और चैंपियन ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। प्रतियोगिता का आयोजन 14 अगस्त से 21 अगस्त 2026 तक केंद्रीय विद्यालय नंबर-3, झांसी में किया गया। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में कुल 22 टीमों ने हिस्सा लिया। टीमों को 8 पूल में बांटा गया और लीग चरण के मुकाबले लीग पद्धति से खेले गए। इसके बाद प्री-क्वार्टर फाइनल से फाइनल तक के मुकाबले नॉकआउट पद्धति से आयोजित किए गए।


लीग चरण में लगातार दो जीत

पटना संभाग की केवी सीआरपीएफ मोकामाघाट टीम ने लीग चरण में शानदार शुरुआत की। पहले मुकाबले में पटना ने जयपुर को 2-0 से हराया। दोनों सेट में पटना ने 25-17 और 25-0 से जीत दर्ज की। दूसरे लीग मुकाबले में पटना की टीम ने बेंगलुरु को भी 2-0 से शिकस्त दी। इस मैच में पटना ने 25-10 और 25-17 से जीत दर्ज की।


नॉकआउट मुकाबलों में भी जारी रहा दबदबा

प्री-क्वार्टर फाइनल में पटना का सामना भोपाल से हुआ। टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए भोपाल को 2-0 से हराया। मुकाबले के दोनों सेट पटना ने 25-7 और 25-5 से अपने नाम किए। क्वार्टर फाइनल में पटना की भिड़ंत चंडीगढ़ से हुई। यहां भी पटना ने एकतरफा अंदाज में 3-0 से जीत दर्ज की। पटना ने 25-10, 25-10 और 25-16 से तीनों सेट अपने नाम किए।


सेमीफाइनल में पटना का मुकाबला मेजबान टीम आगरा से हुआ। घरेलू दर्शकों के बीच खेल रही आगरा की टीम के खिलाफ भी पटना के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और 3-0 से जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनाई। पटना ने यह मुकाबला 25-10, 25-10 और 25-7 से जीता।


फाइनल में वाराणसी को हराकर जीती ट्रॉफी

फाइनल मुकाबले में पटना का सामना वाराणसी से हुआ। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन पटना की टीम ने शानदार संयम और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए वाराणसी को 3-1 से हरा दिया। फाइनल के चार सेटों का स्कोर 25-19, 21-25, 25-20 और 25-20 रहा। इस जीत के साथ केवी सीआरपीएफ मोकामाघाट की टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक और चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम कर ली।


विद्यालय के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि

केवी सीआरपीएफ मोकामाघाट के लिए यह उपलब्धि बेहद खास है। विद्यालय के अनुसार, पहली बार केंद्रीय विद्यालय संगठन के राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजन में विद्यालय को स्वर्ण पदक मिला है। टीम की इस ऐतिहासिक सफलता को विद्यालय और पटना संभाग के लिए खेल के क्षेत्र में स्वर्णिम उपलब्धि माना जा रहा है।


स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम में मयंक कुमार, यस राज, विशाल कुमार (कप्तान), अभिराज कुमार, मो. आसिफ, अनिकेत कुमार, हर्ष राज, सुमंत्रा कुमार, आदित्या कुमार और सोनम कुमार शामिल रहे। टीम के कोच अजय कुमार सिंह रहे। खिलाड़ियों की इस सफलता पर विद्यालय परिवार और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।