मोक्ष नहीं जीवन की कामना है छठ

यह महापर्व सनातन संस्कृति के साथ विज्ञान का भी अद्भुत अभ्यास है। इसकी जड़ बिहार में है पर तने- पत्ते और शाखाएं पूरी दुनिया में फैली हुई है। अपने इस एपिसोड में छठ पर्व के वैज्ञानिक और सामाजिक पहलू को समझने की कोशिश करेंगे..

धीरेंद्र की कलम से...

सूर्य काल का नियामक है..पृथ्वी इसके चारों ओर परिक्रमा करती है.. लिहाजा दिन रात के साथ ही ऋतु परिवर्तन के पीछे सूर्य पृथ्वी के साथ ही सौरमंडल की गतिविधियां ही मुख्य कारक है..  मनुष्य को दिन रात के साथ ही ऋतुओं कि विभिन्नता के साथ ही कालपरिवर्तन के दौर से गुजरना पड़ता है... प्रकृति के इसी प्रभाव के सामने मनुष्य के समर्पण का पर्व है छठ..

आज बिहारियत की महक से सराबोर, लोक आस्था का महापर्व, सनातन का सबसे कठिन नियमों द्वारा मनाया जाने वाले महावर्व छठ की शुरुआत नहाय - खाय के साथ हो रहा है। शुद्धता, पवित्रता एवं अन्य नियमों के पालन के मामले में इससे कठोर और कोई पर्व नहीं। कार्तिक शुक्ल पक्ष में मनाये जाने वाला यह पर्व अनेकों लोक कथाओं एवं लोक मान्यताओं से भरा पड़ा है। पर इतना तो निर्विवाद है कि इस पर्व में हम ऊर्जा के अक्षय स्रोत सूर्य की उपासना आराधना करते हैं जो स्वास्थ्य एवं प्रगति दोनों के लिए परम उपयोगी एवं आवश्यक है। यह महापर्व सनातन संस्कृति के साथ विज्ञान का भी अद्भुत अभ्यास है। इसकी जड़ बिहार में है पर तने- पत्ते और शाखाएं पूरी दुनिया में फैली हुई है। कार्तिक मास का शुक्ल पक्ष शुरू होते ही मानो संपूर्ण वातावरण में आस्था की सुगंध घुल जाती है तो आयें पूर्ण आस्था एवं आदर्शों के साथ हम इस पर्व को मनाएं जिससे हमारे शरीर और मन दोनों स्वस्थ हो, खुशहाल रहे! हम अपने इस एपिसोड में छठ पर्व के वैज्ञानिक और सामाजिक पहलू को समझने की कोशिश करेंगे..

पर्व में विज्ञान

इस पर्व में विज्ञान की प्रगति की भी झलक मिलती है... व्रत की शुरूआत तो वैसे पहली तिथि से ही हो जाती है लेकिन ठोस शुरूआत नहाय खाए के साथ शुरू होता है... अब चूंकि आगे निर्जला व्रत रखना है इसलिए तैयारी इस तरह से की जा रही है कि व्रती को किसी प्रकार का कष्ट ना हो... पहला दिन उपासक कद्दू भात खाते हैं... दोनों बिल्कुल सुपाच्चाय भोजन है...  व्रत के दूसरे दिन को लोहंडा आथवा खरना कहा जाता है... शब्द से अर्थ सहज ही प्रमाणित होता है लोहंडा... अर्थात आज लोहे के हंडा यानि वर्तन का विशेष महत्व है... गौर करने वाली बात है कि इस दिन व्रती उन्हीं चीजों का उपभोग करेगा जो लोहे के बर्तन (हंडा) में पका हो...ज्ञातव्य है कि लोहे के बर्तन में अगर दूध-गुड़ और चावल को उबाला जाए तो जो चीज तैयार होगा है उसके अंदर ऊर्जा काफी अधिक होती है और व्रती इसको ग्रहण करने के बाद तकरीबन 36 घंटा तक अपने ईष्ट की साधना में भूखे प्यासे हठयोग कर पाता है... उपासक पानी में खड़ा होकर डूबते और उगते सूर्य को अर्ध्य देते हुए प्रणाम करता है.. गौरतलब है कि पानी और सूर्य दोनों की मिलन से ऊर्जा का नया रूप उष्मा के रूप में सामने आता है.. 

मंत्र नहीं शुद्धता पर जोर

अब इस पर्व के सामाजिक पहलू को देखिए... इस पर्व के लिए कोई विशेष विधि विधान का प्रावधान नहीं है.. ना ही इस पर्व के लिए कोई खास मंत्र की व्यवस्था है.. छठ विशुद्ध लोकआस्था का पर्व है.. एक मात्र मंत्र जो हर व्रती अपनाए हुए है वो है शुद्धता का मंत्र... शुद्धता ही इस पर्व की पहली और अंतिम शर्त है.. 

कृषि प्रधान समाज, छुआछूत को नकारता है छठ

कृषि प्रधान समाज की स्पष्ट झलक है भगवान भास्कर को समर्पित इस महापर्व में... इस पर्व की खासियत यह है कि व्रती चाहे जिस जाति वर्ग से आता हो.. वो अपने आराध्य के सामने खुले मन से स्वीकार करता है कि आपके सामने उपस्थित होने के लिए मैने जो भी सामर्थ्य पाया है वो मेरे अकेले से संभव नहीं था..दूध ग्वाले से लिया हूं..फूल मालि से लिया हूं..अनाज किसान से लिया हूं,,फल किसान से लिया हूं.. छुआछूत की भावना को नकारने वाले इस पर्व में व्रती डंके की चोट पर कहता है कि आप सामने सभी सामानों को जिस सूप में लेकर मैं खड़ा हूं वो डोम के घर से लाया हूं.. संपूर्ण समाज की ओर से उपासक भगवान भास्कर के सामने इस भाव से खड़ा होता है कि जो भी मेरे पास है उसके पीछे परम सत्ता के रूप में सूर्य की ऊर्जा ही है

मोक्ष नहीं जीवन की कामना है छठ

एक और खास बात है इस पर्व में.. वेद उपनिषद से इतर इस पर्व में निवृत्ति की जगह प्रवृत्ति की झलक मिलती है... इसमें प्रवृतिवादी जीवन की कामना की गई है.. इसमें उपासक अपने आराध्य से जीवन में मुक्ति/मोक्ष की जगह सुख शांति संवृद्धि की कामना करता है। वीर बेटा, विद्वान दामाद, सेवा करने वाली बहु, और खुश रहने वाली बेटी की कामना है इस पर्व में। बाकायदा व्रती अपने इष्ट से मोक्ष मुक्ति की जगह जीवन को समृद्ध बनाने वाले परिवार की कामना करता है।