Bihar News : कैमूर में एंबुलेंस की आड़ में शराब तस्करी का उत्पाद विभाग की टीम ने किया पर्दाफाश, विदेशी शराब के साथ दो तस्करों को किया गिरफ्तार

Bihar News : बिहार के कैमूर जिले में उत्पाद विभाग की टीम ने नेशनल हाईवे-19 (NH-19) स्थित चेकपोस्ट पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एंबुलेंस के अंदर बनाए गए गुप्त तहखानों से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है।

Bihar News : कैमूर में एंबुलेंस की आड़ में शराब तस्करी का उत
शराब तस्करी का पर्दाफाश - फोटो : DEVBRAT

KAIMUR : कैमूर जिले में शराब तस्करी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। NH-19 स्थित उत्पाद चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक एंबुलेंस से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। एंबुलेंस के ऊपर और निचले हिस्से में विशेष तहखाना बनाकर शराब छिपाई गई थी। इस दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने 153.750 लीटर अलग-अलग ब्रांड की विदेशी शराब जब्त करते हुए दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि दिल्ली से एक एंबुलेंस में शराब की बड़ी खेप बिहार लाई जा रही है। सूचना मिलते ही उत्पाद विभाग ने NH-19 स्थित चेकपोस्ट पर जांच अभियान तेज कर दिया। इसी दौरान उत्तर प्रदेश की तरफ से आ रही संदिग्ध एंबुलेंस को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान एंबुलेंस के ऊपरी और निचले हिस्से में बनाए गए गुप्त तहखाने से अलग-अलग ब्रांड की 153.750 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।

मौके से गिरफ्तार दोनों तस्करों की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के अशोक कुमार, जो एंबुलेंस चालक बताया जा रहा है, और गोलू कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों दिल्ली से शराब की खेप लेकर मुजफ्फरपुर जा रहे थे।

पूरे मामले की जानकारी उत्पाद विभाग के सब इंस्पेक्टर प्रभाकर चौधरी ने दी। फिलहाल उत्पाद विभाग आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटा है।

देवब्रत की रिपोर्ट