परिसीमन बिल पर संसद में घेराबंदी की तैयारी, खरगे के घर INDIA ब्लॉक की बैठक, राहुल संग तेजस्वी के नेता मौजूद
, केंद्र सरकार 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र बुला रही है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और 1 दिसंबर को, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 और 3 दिसंबर को प्रस्तावित है।महिला आरक्षण कानून को जल्द लागू करने के लिए परिसीमन से जुड़े संवैधानिक संशोधन विधेयक लाया जाना है
Delimitation Bill: संसद के विशेष सत्र से पहले विपक्ष ने केंद्र सरकार को घेरने की तैयारी तेज कर दी है। इसी रणनीति के तहत शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दिल्ली स्थित आवास पर INDIA ब्लॉक के नेताओं की अहम बैठक हुई। बैठक में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, मल्लिकार्जुन खरगे और तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी समेत कई विपक्षी नेता शामिल हुए। बैठक का मुख्य एजेंडा केंद्र सरकार की ओर से प्रस्तावित परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण से जुड़े संवैधानिक संशोधनों पर विपक्ष की साझा रणनीति तय करना है।
बैठक में कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल, वाम दल, नेशनल कॉन्फ्रेंस, शिवसेना (यूबीटी), झारखंड मुक्ति मोर्चा और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के प्रतिनिधि शामिल हुए। हालांकि, विपक्षी एकजुटता की इस कोशिश के बीच कुछ दलों के रुख में अंतर भी सामने आया है। शरद पवार की एनसीपी (एसपी) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले बैठक में शामिल नहीं हुईं। पार्टी ने प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया को कुछ शर्तों के साथ समर्थन देने का संकेत दिया है। बैठक में राजद सांसद मनोज झा और अभी कुशवाहा भी मौजूद हैं।
परिसीमन और महिला आरक्षण पर आर-पार की तैयारी
दरअसल, केंद्र सरकार 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र बुला रही है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और 1 दिसंबर को, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 और 3 दिसंबर को प्रस्तावित है। इस दौरान सरकार महिला आरक्षण कानून को जल्द लागू करने के लिए परिसीमन से जुड़े संवैधानिक संशोधन विधेयक ला सकती है।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत लोकसभा की सीटों में सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रावधान है। कुल लोकसभा सीटों की अधिकतम संख्या 850 तक पहुंचाने का प्रस्ताव है। सरकार का तर्क है कि इससे महिला आरक्षण को लागू करने का रास्ता आसान होगा। वहीं, विपक्ष का सवाल है कि महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ने की जरूरत क्यों है और सीटों के बंटवारे में राज्यों के हित कैसे सुरक्षित रहेंगे।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रस्तावित विधेयक का पूरी ताकत से विरोध करने की बात कही है। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार महिला आरक्षण के नाम पर परिसीमन की प्रक्रिया आगे बढ़ाना चाहती है। वहीं, डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने तमिलनाडु की लोकसभा में मौजूदा 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी कम नहीं होने देने की बात कही है।
सत्ता पक्ष और विपक्ष का गणित क्या है?
इस विधेयक की असली चुनौती संसद में दो-तिहाई बहुमत हासिल करना है। अप्रैल में पेश किए गए पिछले संवैधानिक संशोधन विधेयक को जरूरी समर्थन नहीं मिल पाया था। इस बार सरकार के लिए स्थिति कुछ बदली हुई है। डीएमके के 22 लोकसभा सांसदों और एनसीपी (एसपी) के 8 सांसदों ने संशोधित प्रस्ताव के समर्थन के संकेत दिए हैं। इससे सरकार के पक्ष में संख्या बढ़ सकती है, हालांकि इन दलों का समर्थन शर्तों और अंतिम विधेयक के स्वरूप पर निर्भर करेगा।
दूसरी ओर, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दल विधेयक के मौजूदा स्वरूप का विरोध कर रहे हैं। ऐसे में खरगे की बैठक का मकसद केवल INDIA ब्लॉक को एकजुट करना नहीं, बल्कि आम आदमी पार्टी, डीएमके और बीजू जनता दल जैसे गैर-INDIA दलों को भी साझा रणनीति में शामिल करना है।
उधर, एनडीए ने भी संसद के विशेष सत्र से पहले अपने सांसदों की मौजूदगी सुनिश्चित करने की तैयारी की है। 30 नवंबर को एनडीए के घटक दलों के फ्लोर लीडर और मुख्य सचेतकों की बैठक प्रस्तावित है। साफ है कि संसद का आगामी सत्र महिला आरक्षण के साथ-साथ परिसीमन और राजनीतिक शक्ति संतुलन की बड़ी लड़ाई का मंच बनने जा रहा है।