भावी मतदाताओं और युवाओं को मताधिकार के प्रति जागरूक करने की अनोखी पहल, कैमूर में हुआ आयोजन

अनुमंडल पदाधिकारी रत्ना प्रियदर्शनी ने जानकारी देते हुए बताया कि ईएलसी के तहत क्षेत्र के अलग-अलग स्कूलों में लगातार मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पहले मोहनिया और रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विद्यालयों में स्कूल स्तर पर प्रतियोग

Kaimur
Kaimur - फोटो : news4nation

Bihar News :  कैमूर ज़िले में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) के तत्वावधान में अनुमंडल स्तरीय क्विज एवं निबंध प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भावी मतदाताओं और युवाओं को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करना था। प्रतियोगिता में मोहनिया और रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से चयनित कुल 105 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान बच्चों ने लोकतंत्र में मतदान के महत्व और मतदाता अधिकारों पर अपने विचार व ज्ञान का बेहतरीन प्रदर्शन किया।


अनुमंडल पदाधिकारी रत्ना प्रियदर्शनी ने जानकारी देते हुए बताया कि ईएलसी के तहत क्षेत्र के अलग-अलग स्कूलों में लगातार मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पहले मोहनिया और रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विद्यालयों में स्कूल स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं। उन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित 105 बच्चों को आज अनुमंडल स्तरीय निबंध और क्विज प्रतियोगिता में शामिल होने का अवसर मिला।


एसडीएम ने बताया कि अनुमंडल स्तरीय इस प्रतियोगिता की दोनों श्रेणियों निबंध और क्विज से पांच-पांच उत्कृष्ट प्रतिभागियों का चयन किया गया है। कार्यक्रम के उपरांत सभी चयनित विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि संभवतः आगामी 2 तारीख को जिला स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अनुमंडल स्तर पर चयनित ये सभी मेधावी छात्र-छात्राएं भाग लेकर अपने क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगे।


प्रतियोगिता के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए एसडीएम रत्ना प्रियदर्शनी ने कहा कि इसका मूल मकसद नए युवाओं और भावी मतदाताओं को उनके वोटिंग राइट्स यानी मताधिकार के प्रति संवेदनशील व जागरूक बनाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि जब बच्चे और युवा स्वयं अपने अधिकारों के प्रति सजग होंगे, तो वे अपने परिवार के सदस्यों को भी मतदान करने के लिए प्रेरित कर सकेंगे। इससे एक सशक्त और जागरूक मतदाता समाज का निर्माण होगा।

देव तिवारी की रिपोर्ट