मुंगेर में युवक की बेरहमी से हत्या, झाड़ी में मिला शव, एक साल पहले हुई थी शादी

सुमित की शादी महज एक साल पहले हुई थी। वह शुक्रवार रात खाना खाकर घर से बाहर गया था लेकिन नहीं लौटा, परिजनों को बाद उसका शव झाड़ी के पास मिला.

Munger murder case
Munger murder case- फोटो : news4nation

Bihar News:  मुंगेर में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर शव को झाड़ी में फेंक दिए जाने का मामला सामने आया है। कासिम बाजार थाना क्षेत्र के बाजार समिति के समीप शनिवार को झाड़ी में युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान दौलतपुर निवासी 32 वर्षीय सुमित सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में धारदार हथियार और पत्थर से वार कर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि शुक्रवार की रात सुमित घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने जब उसके मोबाइल पर फोन किया तो कॉल किसी दूसरे व्यक्ति ने उठाया। इसके बाद मोबाइल मिलने की जानकारी सामने आई और फिर झाड़ी में शव मिलने की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।


दरअसल, शुक्रवार की रात सुमित सिंह अपने परिवार के साथ खाना खाने के बाद घर से निकला था। परिजनों को उम्मीद थी कि वह कुछ देर में वापस लौट आएगा, लेकिन देर रात तक जब सुमित घर नहीं पहुंचा तो परिवार वालों की चिंता बढ़ने लगी। इसके बाद परिजनों ने उसके मोबाइल पर फोन किया। फोन की घंटी तो बजी, लेकिन दूसरी तरफ से सुमित की आवाज नहीं आई। किसी दूसरे व्यक्ति ने कॉल रिसीव कर बताया कि सफियासराय के पास उसे एक मोबाइल गिरा हुआ मिला है।


यह जानकारी मिलते ही परिजनों के होश उड़ गए। परिवार के लोग रातभर सुमित की तलाश में जुटे रहे। इसी बीच पुलिस को डायल 112 के माध्यम से झाड़ी में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। सुमित की तलाश करते हुए परिजन जब सफियासराय थाना पहुंचे, तो पुलिस ने उन्हें शव मिलने की जानकारी दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान सुमित सिंह के रूप में की। शव की पहचान होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।


एक तरफ घर से निकले सुमित के सुरक्षित लौटने की उम्मीद थी, तो दूसरी तरफ सुबह उसकी मौत की खबर ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया। बताया जाता है कि सुमित की शादी महज एक साल पहले हुई थी। इस घटना के बाद पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, शव पर धारदार हथियार और पत्थर से वार किए जाने के निशान मिलने की बात सामने आई है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि सुमित की हत्या कहीं दूसरी जगह करने के बाद शव को झाड़ी में फेंका गया होगा। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।        


थानाध्यक्ष रुबीकांत कच्छप ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की हत्या धारदार हथियार और पत्थर से वार कर किए जाने की आशंका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की गहन छानबीन की जा रही है। फिलहाल पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि सुमित शुक्रवार की रात घर से निकलने के बाद कहां गया था? उसके मोबाइल पर फोन उठाने वाला व्यक्ति कौन था? और आखिर किसने इस वारदात को अंजाम दिया? एक साल पहले ही शादी के बंधन में बंधे सुमित की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब अब पुलिस की जांच में तलाशे जा रहे हैं।