बड़ी खुशखबरी ! चीता ‘गामिनी’ ने दिया तीन शावकों को जन्म, पहली बार चीता की संख्या हुई 38
गामिनी को सितंबर 2022 में शुरू किए गए महत्वाकांक्षी चीता पुनर्स्थापन परियोजना के तहत दक्षिण अफ्रीका से भारत लाया गया था।
Cheetah : चीता के संरक्षण की दिशा में किये जा रहे प्रयासों में एक बड़ी प्रगति देखने को मिली है। मध्य प्रदेश के कुनो नेशनल पार्क से वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में एक और बड़ी खुशखबरी सामने आई है। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने बुधवार को जानकारी दी कि मादा चीता ‘गामिनी’ ने तीन शावकों को जन्म दिया है। इसके साथ ही देश में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 38 हो गई है।
मंत्री ने इसे चीता पुनर्वास कार्यक्रम की “ज़बरदस्त सफलता” बताते हुए कहा कि यह भारत के मजबूत संकल्प और ऐतिहासिक संरक्षण प्रयासों का प्रतीक है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इस उपलब्धि की जानकारी साझा की। यादव ने अपने संदेश में कहा कि दक्षिण अफ्रीका से चीतों के आगमन के तीन वर्ष पूरे होने के मौके पर कुनो में एक नया अध्याय जुड़ा है। दूसरी बार मां बनी गामिनी ने तीन स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है, जिससे पार्क में उत्सव का माहौल है।
गौरतलब है कि गामिनी को सितंबर 2022 में शुरू किए गए महत्वाकांक्षी चीता पुनर्स्थापन परियोजना के तहत दक्षिण अफ्रीका से भारत लाया गया था। इस परियोजना का उद्देश्य देश में दशकों पहले विलुप्त हो चुके दुनिया के सबसे तेज़ ज़मीनी जीव चीते की आबादी को फिर से स्थापित करना है।
नए शावकों के जन्म के साथ भारत में जन्मे चीतों की संख्या 27 हो गई है, जबकि यह देश में चीतों का नौवां सफल झुंड माना जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह उपलब्धि परियोजना की प्रगति और अनुकूल पारिस्थितिकी तंत्र का संकेत है। वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में इसे एक ऐतिहासिक पड़ाव के रूप में देखा जा रहा है, जो भारत की जैव विविधता को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम साबित हो सकता है।