Road Accident: IIT बॉम्बे के 3 छात्रों की मौत, भीषण सड़क हादसे में गई जान, सूर्योदय देखकर लौट रहे थे घर

Road Accident: सूर्योदय देखने गए 3 दोस्तों को खबर भी नहीं थी कि ये सूर्योदय उनकी जिंदगी की आखिरी सूर्योदय साबित होगी। तीनों दोस्त सूर्योदय को देखकर लौटने के क्रम मे सड़क हादसे का शिकार हो गए और उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

सड़क हादसे में 3 की मौत - फोटो : AI Image

Road Accident: सड़क हादसे में आईआईटी बॉम्बे के 3 छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से सटे पनवेल का है। जानकारी अनुसार सभी मृतक सूर्योदय देखकर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान हादसे का शिकार हो गए। जानकारी अनुसार कार चला रहे छात्र एक ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की इस दौरान अनियंत्रित होकर कार ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गया  टक्कर इतनी भीषण थी कि कार कई बार पलटने के बाद सुरक्षा रेलिंग से जा भिड़ी और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

ट्रक को ओवरटेक करने में गई जान 

जानकारी अनुसार घटना पनवेल एग्जिट से करीब 10.7 किलोमीटर पहले हुई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और मौत का कारण बनने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे में जान गंवाने वालों में जयपुर निवासी श्रेयांश शर्मा, नासिक के ओमकुमार बोरसे और नागपुर के लय देशभ्रतार शामिल हैं। श्रेयांश मैकेनिकल इंजीनियरिंग के चौथे वर्ष के छात्र थे और आईएएस बनने का सपना रखते थे। ओमकुमार एयरोस्पेस इंजीनियरिंग के तीसरे वर्ष के छात्र थे और वही कार चला रहे थे। लय फिजिक्स के तीसरे वर्ष के छात्र थे।

रातभर जागने के बाद बना था ट्रिप प्लान

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि सभी छात्र रात 4 बजे तक फिल्में देख रहे थे। इसके बाद अचानक सूर्योदय देखने के लिए तीन कारों में लोनावला जाने का प्लान बना। लौटते समय तीनों छात्र एक ही कार में थे, जबकि उनके अन्य दोस्त पीछे आ रहे थे। घटना के बाद पुलिस ने एक्सप्रेसवे के सीसीटीवी फुटेज मांगे, लेकिन रखरखाव करने वाली आईआरबी इंफ्रास्ट्रक्चर ने बताया कि घटनास्थल के पास का कैमरा खराब था।

जांच जारी, ऑटोप्सी रिपोर्ट का इंतजार

फिलहाल पुलिस ने नशे में ड्राइविंग की आशंका से इनकार किया है, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। आरटीओ टीम कार की तकनीकी जांच कर रही है, जिसमें सीट बेल्ट, स्पीड और एयरबैग खुलने की स्थिति की पड़ताल की जाएगी। तीनों छात्रों को नवी मुंबई के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद आईआईटी बॉम्बे परिसर में शोक का माहौल है।