ससुराल में आए अधेड़ को मारी गोली, आरा में बीच सड़क पर खूनी विवाद, मचा हड़कंप
शौकत अली के अनुसार, रास्ते में कुछ लोगों ने उनसे कहासुनी शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने उन्हें गोली मार दी।
Bihar News : आरा के भोजपुर जिला अंतर्गत गजराजगंज थाना क्षेत्र के कारीसाथ गांव में शुक्रवार को एक अधेड़ व्यक्ति को गोली मार दी गई। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान शौकत अली (पिता- जमुन दीन), निवासी रघुनाथपुर, थाना बगेन गोला, जिला बक्सर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शौकत अली इन दिनों अपने ससुराल कारीसाथ गांव आए हुए थे। घटना के समय वह बाजार से घर लौट रहे थे।
घायल शौकत अली के अनुसार, रास्ते में कुछ लोगों ने उनसे कहासुनी शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने उन्हें गोली मार दी। गोली उनके पैर में लगी है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें इलाज के लिए आरके सदस्य अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर गजराजगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
आशीष कुमार की रिपोर्ट