Bihar News:आरा में चलती स्कॉर्पियो बनी आग का गोला, बाल-बाल बचे लोग

Bihar News: एक स्कार्पियो अचानक आग का गोला बन गई। देखते ही देखते गाड़ी से उठती लपटों ने ऐसा कहर बरपाया कि कुछ ही मिनटों में पूरी स्कॉर्पियो धूं-धूं कर जलकर राख हो गई।...

चलती स्कॉर्पियो बनी आग का गोला- फोटो : reporter

Ara:जिला में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब चलती सड़क पर एक स्कार्पियो अचानक आग का गोला बन गई। देखते ही देखते गाड़ी से उठती लपटों ने ऐसा कहर बरपाया कि कुछ ही मिनटों में पूरी स्कॉर्पियो धूं-धूं कर जलकर राख हो गई। गनीमत रही कि गाड़ी में सवार सभी लोग बाल-बाल बच निकले, वरना हादसा बड़ा रूप ले सकता था।

घटना के बारे में बताया जा रहा है कि यह स्कॉर्पियो जगदीशपुर से इंटर की कॉपियां लेकर आरा जा रही थी। जैसे ही वाहन कौरा गांव के पास पहुंचा, अचानक गाड़ी में शॉर्ट सर्किट हो गया। पहले हल्का धुआं उठा, फिर चंद सेकंड में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सड़क पर चल रहे लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही स्कॉर्पियो लपटों के आगोश में समा चुकी थी।

गाड़ी में बैठे लोगों ने हालात की नजाकत को भांपते हुए सूझबूझ और फुर्ती दिखाई। जान जोखिम में डालकर उन्होंने पहले इंटर की कॉपियों को बाहर निकाला, फिर किसी तरह खुद भी गाड़ी से कूदकर जान बचाई। इसके बाद आग इतनी तेज हो गई कि स्कॉर्पियो पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

घटना के बाद सड़क पर हड़कंप मच गया। राहगीर सहमे हुए इधर-उधर भागने लगे और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक स्कॉर्पियो बीच सड़क पर आग का गोला बन चुकी थी और सिर्फ उसका ढांचा ही बचा था।

आग बुझने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जली हुई गाड़ी को सड़क से किनारे हटवाया, ताकि यातायात बहाल हो सके। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, लेकिन तकनीकी जांच के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहनों की तकनीकी जांच को लेकर सवाल खड़े कर गया है।

रिपोर्ट-आशीष कुमार