Bihar Road Accident: रफ्तार की जद में आए नौसेना के सेवानिवृत्त जवान, बिहिया-बिहटा स्टेट हाईवे पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर में हुई मौत

Bihar Road Accident: भोजपुर जिले में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।...

ऱफ्तार की दग में आए नौसेना के सेवानिवृत्त जवान- फोटो : reporter

Bihar Road Accident: भोजपुर जिले में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला पीरो थाना क्षेत्र के हसवाडीह गांव मोड़ के समीप का है, जहां शनिवार की शाम बिहिया-बिहटा राज्य राजमार्ग पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार सेवानिवृत्त नौसेना जवान की मौत हो गई। मृतक की पहचान पीरो थाना क्षेत्र के बंभवार गांव के वार्ड संख्या-8 निवासी 46 वर्षीय अमरेंद्र कुमार सिंह के रूप में हुई है। वे भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त होने के बाद पटना स्थित भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) में कार्यरत थे।

परिजनों के अनुसार, अमरेंद्र कुमार सिंह वर्ष 2020 में भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त हुए थे। वर्तमान में वे पटना में नौकरी कर रहे थे। शनिवार को ड्यूटी पूरी करने के बाद वे बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। गांव पहुंचने के बाद उन्हें एक तिलक समारोह में भी शामिल होना था। इसी दौरान हसवाडीह गांव मोड़ के समीप तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतक के साले चंदन कुमार ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और घायल अमरेंद्र कुमार सिंह को तत्काल उपचार के लिए पीरो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने स्वास्थ् परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

उधर, दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन सहित घटनास्थल से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस फरार वाहन चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए मामले की जांच कर रही है।

बताया जाता है कि अमरेंद्र कुमार सिंह अपने पीछे पत्नी अर्चना देवी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। इस दुखद घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, उनके असामयिक निधन से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार