Patna Metro: पटना मेट्रो को मिली रफ्तार, विद्युत भवन स्टेशन की डायफ्राम वॉल का निर्माण शुरू, जू के समीप सुरंग का मार्ग बदला, यहां बनेगा दो फुट ओवरब्रिज

Patna Metro: पटना मेट्रो रेल परियोजना के तहत बेली रोड स्थित विद्युत भवन मेट्रो स्टेशन के निर्माण कार्य ने नई रफ्तार पकड़ ली है।...

Patna Metro
पटना मेट्रो को मिली रफ्तार- फोटो : social Media

Patna Metro: पटना मेट्रो रेल परियोजना के तहत बेली रोड स्थित विद्युत भवन मेट्रो स्टेशन के निर्माण कार्य ने नई रफ्तार पकड़ ली है। स्टेशन के एंट्री और एग्जिट स्ट्रक्चर के लिए पहली डायफ्राम वॉल बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। भूमिगत स्टेशन के निर्माण में इसे अहम पड़ाव माना जा रहा है। यह मजबूत दीवार गहरी खुदाई के दौरान आसपास की मिट्टी को खिसकने से बचाएगी। साथ ही भूजल के रिसाव पर नियंत्रण रखने और प्रवेश-निकास ढांचे को मजबूती देने में मददगार होगी।

बेली रोड पर यातायात को सुचारु रखने के लिए जेडी वीमेंस कॉलेज और हाईकोर्ट चौराहा-बिहार म्यूजियम के समीप दो फुट ओवरब्रिज बनाने की योजना है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने निरीक्षण के दौरान इसके निर्देश दिए थे। उन्होंने मेट्रो निर्माण के दौरान आम लोगों की आवाजाही और यातायात प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया था।

पटना मेट्रो के दोनों कॉरिडोर की कुल लंबाई 32.5 किलोमीटर होगी। नेटवर्क में 24 स्टेशन प्रस्तावित हैं। दानापुर से पटना जंक्शन और पटना जंक्शन से न्यू बस टर्मिनल तक दो कॉरिडोर विकसित किए जा रहे हैं। फिलहाल न्यू पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से मलाही पकड़ी के बीच प्राथमिकता वाले हिस्से में मेट्रो परिचालित है।

पटना जंक्शन और खेमनीचक स्टेशन रेड तथा ब्लू लाइन को जोड़ने वाले इंटरचेंज केंद्र होंगे। पहला इंटरचेंज दिसंबर 2026 तक शुरू करने का लक्ष्य है। इससे यात्रियों को लाइन बदलने में सहूलियत मिलेगी।

कॉरिडोर-2 के 7.8 किलोमीटर भूमिगत हिस्से में 7.4 किलोमीटर सुरंग बन चुकी है। मलाही पकड़ी रैंप से राजेंद्र नगर और आकाशवाणी के बीच शेष निर्माण अंतिम चरण में है।

वहीं, पटना जू के समीप सुरंग का मार्ग बदल दिया गया है। अब सुरंग चिड़ियाघर परिसर के बजाय सड़क के राइट ऑफ वे से गुजरेगी। संबंधित स्टेशन को लोक भवन की ओर स्थानांतरित किया गया है। पूरी परियोजना को वर्ष 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है।